कुरुक्षेत्र। कृत्रिम टांग को खोजने के बाद शव के पास लेकर जाता पुलिसकर्मी व जांच करती टीम। संवाद
कुरुक्षेत्र। शहर के बीचोंबीच स्थित केशव (थीम) पार्क में मंगलवार अलसुबह स्टेज के पीछे एक अज्ञात दिव्यांग शख्स का सिर कटा शव मिला है। शव से करीब 100 मीटर दूर कुरुक्षेत्र-जींद रेलवे ट्रैक पर मृतक की कृत्रिम टांग मिली है और धड़ के पास से खून से सना चाकू बरामद किया गया है। इसके कारण बेरहमी से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक का सिर तलाशने के लिए सीआईए की विशेष टीम ने अभियान चलाया लेकिन देर रात तक पता नहीं चल सका। आशंका जताई जा रही है कि करीब 40 वर्षीय इस शख्स को तड़पा कर मारा गया है और पहचान छिपाने के लिए हत्यारे सिर को अपने साथ ले गए। पुलिस को शक है कि धड़ के समीप से बरामद हुए चाकू से ही इस वारदात को अंजाम दिया है।
मंगलवार सुबह लोग हर रोज की तरह पार्क में सैर करने के लिए निकले थे और स्टेज के समीप सिर कटा धड़ दिखाई दिया जिसके बाद वारदात का पता चला और तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना कृष्णा गेट व सुभाष मंडी चौकी की पुलिस पहुंची और हालात को देख फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया लेकिन देर शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य भी जुटाए और शव को कब्जे में लेकर लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिक गहलोत के अनुसार मृतक की उम्र 40 से 45 वर्ष के बीच है। मृतक ने नीले रंग का लोवर, टीशर्ट व ग्रे रंग की स्वेटशर्ट पहनी हुई है और उसके पास से एक भूरे रंग का शॉल, भूरे व नीले रंग की दो सर्दी की टाेपी मिली हैं। पुलिस ने आसपास के सभी थानों और जिलों से संपर्क किया है व गुमशुदगी की रिपोर्ट जांची जा रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बरामद चाकू की तरह चाकू बेचने वाले लोगों से हाल में चाकू खरीदने वालों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार हत्या यहीं पार्क में की गई है क्योंकि शव के आसपास खून फैल हुआ है और आरोपी सबूत मिटाने के इरादे से सिर अपने साथ ले गया।
एएसपी का कहना है कि उन्होंने वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए चार से पांच टीमें गठित कर दी हैं और जल्द ही हत्यारे को काबू कर सिर बरामद कर लिया जाएगा।
कुरुक्षेत्र। कृत्रिम टांग को खोजने के बाद शव के पास लेकर जाता पुलिसकर्मी व जांच करती टीम। संवाद