कुरुक्षेत्र। नई सब्जी मंडी की दीवार के साथ लगते गंदे नाले पर घनी झाड़ियों के बीच पेड़ से लटके मिले शव की देर रात मंगलवार को शिनाख्त गोबिंदगढ़ के 35 वर्षीय राजेंद्र कुमार के रूप में हुई। पोस्टमार्टम में प्रारंभिक तौर पर पता चला कि शव पांच से सात दिन पुराना था। उसका लीवर पूरी तरह खराब हो चुका था। राजेंद्र के नशे का आदि होने की आशंका जताई गई है। राजेंद्र कुमार फेरी लगा सब्जी बेचते थे और पिछले एक सप्ताह से लापता थे।
उनकी 10 साल पहले शादी हुई थी, बेटी को जन्म देने के दौरान उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई थी। राजेंद्र की बेटी अपनी बुआ के पास रहती है और वे घर पर अकेले ही रहते थे। भगवान दास ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका छोटा भाई राजेंद्र कुमार नशे करता था। वह पहले भी कई बार घर से चला जाता था, इसलिए उन्होंने गुमशुदगी दर्ज नहीं करवाई। जांच अधिकारी एसआई जसवंत सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े भाई भगवान दास के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है।