विश्व प्रसिद्ध सरस्वती तीर्थ का प्राचीन पुल अब हैरिटेज लुक में नजर आएगा। इस पुल के निर्माण पर विशेष प्रकार के लाल पत्थर लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं सरकार द्वारा इस प्रोजेक्ट पर करीब 1 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। यह जानकारी प्रदेश के खेलमंत्री संदीप सिंह ने दी। संदीप सिंह ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में पिहोवा के तीर्थ पुरोहितों के साथ बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। इससे पहले उन्होंने केडीबी कार्यालय में अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर पिहोवा सरस्वती तीर्थ के सुंदरीकरण और विकास को लेकर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि इस नगरी की धरोहरों को सहेजकर रखना प्रथम कर्तव्य है। इतना ही नहीं सरस्वती तीर्थ व शहर को खूबसूरत बनाने पर सरकार की तरफ से श्रीकृष्ण सर्किट फेस टू में लगभग 19 करोड़ रुपये की राशि से विकास कार्य करवाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि विश्व के प्रसिद्ध सरस्वती तीर्थ को विश्वस्तरीय तीर्थ बनाने का खाका सरकार की तरफ से तैयार कर लिया गया है। इस तीर्थ स्थल को दर्शनीय बनाने के साथ-साथ पिहोवा शहर को बेहद खूबसूरत बनाने की भी योजना बनाई गई है। इस प्रोजेक्ट पर स्वदेश दर्शन योजना के तहत कृष्णा सर्किट फेस-2 में 19 करोड़ 57 लाख 30 हजार रुपये का अनुमानित बजट खर्च किया जाएगा।
इस बजट में से ही केवल शहर के सुंदरीकरण पर 6 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरस्वती तीर्थ और पिहोवा शहर पर 19 करोड़ 57 लाख 30 हजार रुपये की राशि खर्च करने का प्रस्ताव तैयार किया है, इस प्रस्ताव के अनुसार जहां 6 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि पिहोवा शहर पर खर्च होगी वहीं, सरस्वती तीर्थ पर 13 करोड़ 31 लाख 55 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस राशि में से 7500 स्केयर मीटर पर लैंड स्केपिंग का कार्य किया जाएगा और इस पर 48 लाख 75 हजार की राशि खर्च होगी। इसी तरह कार व बस पार्किंग पर 58 लाख 50 हजार, 4 शौचालय ब्लॉक बनाने पर 75 लाख, मुखड़ा लाइटिंग के कार्य पर 17 लाख 55 हजार, 50 साईनेज पर 30 लाख, पर्यटक सुविधा केंद्र और डाटा सेंटर का भी निर्माण किया जाएगा, इस केंद्र पर 1 करोड़ 57 लाख 50 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इतना ही नहीं सरस्वती तीर्थ के सरोवर पर 2 पुल बनाएं जाएंग और इन पुलों पर 1 करोड़ 50 हजार रुपये की राशि खर्च होगी। इस मौके पर ब्राह्मण समाज के अग्रणी गोपाल कौशिक, आशीष चक्रपाणी, कर्ण गिल, अक्षय नंदा, गुरप्रीत कांबोज, राकेश पुरोहित, पुष्पराज शर्मा, विक्की कौशिक, पकंज सहल, जयपाल कौशिक बब्बी, विद्यारत्न चक्रपाणी, दीपक पंचोली, योगेश बंटी, धर्मवीर अत्री आदि उपस्थित रहे।