कुरुक्षेत्र। जिले में डेंगू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बुधवार को दो मरीज मिलने के बाद इस सीजन में डेंगू के कुल मामलों की संख्या 25 हो गई है। मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है।
बुधवार को शहरी क्षेत्र कुरुक्षेत्र में 6216 घरों की जांच की गई। इनमें 24 घरों में मच्छरों का लार्वा मिला। विभाग ने लापरवाही मिलने पर 10 नोटिस जारी किए। अब तक जिले में डेंगू से किसी की मौत दर्ज नहीं की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घरों में रखे पानी के बर्तनों और अन्य कंटेनरों की जांच की। कुल 24,369 कंटेनरों में से 25 में लार्वा मिला।
विज्ञापन
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. प्रदीप ने बताया कि बुधवार को डेंगू के दो मामले सामने आए, जबकि दो मरीज स्वस्थ भी हुए। अब तक 23 मरीज ठीक हो चुके हैं। एक मरीज अस्पताल में भर्ती है और एक ओपीडी में उपचार ले रहा है। बुधवार को डेंगू जांच के लिए 25 सैंपल लिए गए।
सेक्टर-3 और शाहाबाद में फॉगिंग : डेंगू से बचाव के लिए शहरी स्थानीय निकाय की ओर से कुरुक्षेत्र के सेक्टर-3 और शाहाबाद में फॉगिंग करवाई गई। डॉ. प्रदीप के अनुसार, बुधवार को मलेरिया की जांच के लिए 124 ब्लड स्लाइड तैयार की गईं और 16 रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट किए गए।