बाबैन। मोबाइल के असली मालिक नीरज कुमार को मोबाइल लौटाते हुए राम कुमार सैनी। स्वयं
बाबैन। रामसरण गांव माजरा निवासी राम कुमार सैनी ने अपनी ईमानदारी और अच्छे संस्कारों का परिचय देते हुए एक कीमती मोबाइल फोन उसके असली मालिक को लौटाकर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। राम कुमार के इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र भर में प्रशंसा हो रही है।
गांव घिसरपड़ी निवासी नीरज कुमार अपने गांव से बाबैन स्थित अपनी दुकान पर आ रहा था। इसी दौरान बराड़ा रोड पर विपिन मेडिकल स्टोर के समीप उसका मोबाइल फोन रास्ते में गिर गया। दुकान पर पहुंचने के बाद जब नीरज कुमार ने अपना मोबाइल तलाश किया तो वह नहीं मिला। रास्ते से गुजर रहे गांव रामसरण माजरा निवासी राम कुमार सैनी को सड़क पर पड़ा मोबाइल फोन मिला। राम कुमार ने बिना किसी लालच के मोबाइल को सुरक्षित अपने पास रख लिया और उसके मालिक का पता लगाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद जब नीरज कुमार ने अपने नंबर पर कॉल की तो राम कुमार ने फोन रिसीव किया और तुरंत मोबाइल मिलने की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने संपर्क कर मोबाइल उसके असली मालिक को सौंप दिया।