कुरुक्षेत्र। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन मैदान-2 के तहत जिला पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा-एक की टीम ने 51.1 ग्राम चिट्टा के साथ दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने बताया कि शाखा-एक की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांधीनगर निवासी दो महिलाएं नशीले पदार्थ की तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने देवी लाल पार्क के समीप पार्किंग क्षेत्र में दबिश देकर दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान एक महिला के कब्जे से 25.3 ग्राम तथा दूसरी के कब्जे से 25.8 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर थानेसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
बुजुर्ग महिला से बाली छीनने का आरोपी युवक काबू
कुरुक्षेत्र। बुजुर्ग महिला से कान की बाली छीनने की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए सीआईए दो की टीम श्याम कॉलोनी के रहने वाले अमित उर्फ मौली को गिरफ्तार कर लिया है। टीम ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई बाली तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल के अनुसार आठ जून को शीला नगर निवासी मनोज गुप्ता की बुजुर्ग माता घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक ने पता पूछने के बहाने उन्हें गली में बुलाया और कान की बाली छीनकर भाग गया। शिकायत मिलने पर थाना कृष्णा गेट में मामला दर्ज कर जांच अपराध अन्वेषण शाखा-दो को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
डॉक्टर से लूटपाट मामले में एक नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार
पिहोवा। हथियार के बल पर डॉक्टर से नकदी छीनने के मामले सीआईए दो की टीम ने खुलासा करते हुए एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया व तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में मोहनपुर निवासी प्रदीप उर्फ अंकित, बलविंद्र उर्फ कालू और राहुल शामिल हैं।
पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल के अनुसार मोहनपुर निवासी डॉक्टर गुलाब सिंह ने शिकायत दी थी कि दो जून की रात उनके क्लीनिक पर पहुंचे आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनकी जेब से 30 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज कर जांच अपराध अन्वेषण शाखा-दो को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीनी गई नकदी और वारदात में प्रयुक्त खिलौना पिस्टल बरामद कर ली।
साइबर ठगी करने के तीन आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने के मामले में थाना साइबर क्राइम की टीम ने 87,550 रुपये की ठगी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगोलपुरी निवासी ऋतिक रावत, बुद्ध विहार निवासी कपिल सैनी और दिल्ली के रोहिणी निवासी चिराग डावर के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल के अनुसार झिवरेहड़ी निवासी किसान गुरभजन सिंह को अप्रैल 2025 में एक फोन आया, जिसमें कॉलर ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का प्रस्ताव दिया। झांसे में आकर पीड़ित ने कार्ड की गोपनीय जानकारी साझा कर दी, जिसके बाद उसके खाते से 87,550 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत मिलने पर थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश पर ऋतिक रावत और कपिल सैनी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि चिराग डावर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर है।
1 किलो 7 ग्राम अफीम सहित आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन मैदान-2 के तहत पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा दो की टीम ने कार्रवाई करते हुए करनाल जिले के जलमाना निवासी संजीव कुमार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक किलो सात ग्राम अफीम बरामद की। पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल के अनुसार टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कुरुक्षेत्र-पिहोवा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-152डी पुल के नीचे नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक किलो सात ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर पिहोवा में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।