कुरुक्षेत्र। रोडवेज कर्मियों की अनेक मांगें कई वर्षों से लंबित हैं जिनको लेकर रोष गहराता जा रहा है। हरियाणा रोजवेज जागृति मंच से संबंधित कर्मचारी परिवहन मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक को भी इन मांगों को लेकर अवगत करवा चुके हैं, इसके बावजूद ये पूरी नहीं हो पाई है। अब प्रदेश की नई सरकार से इन कर्मचारियों को उम्मीद जगी है और जल्द ही परिवहन मंत्री व मुख्यमंत्री से फिर इन मांगों को पूरा कराने के लिए पत्र दिए जाने की तैयारी है।
राज्य महासचिव राजबीर सैनी के मुताबिक उनकी लंबित मुख्य मांगों में चालक-परिचालक के पे ग्रेड में सम्मानजनक बढ़ोतरी, जोखिम भत्ता देना, बकाया बोनस देना, वर्ष 2016 में आउटसोर्सिंग पॉलिसी पार्ट 2 के तहत नियुक्त चालकों को उनकी नियुक्ति तिथि से पक्का करना, वर्दी भत्ता, जूता व धुलाई भत्ता में बढ़ोतरी और रिटायर्ड कर्मचारियों को पूर्व की भांति राज्य परिवहन की बसों में निशुल्क यात्रा करवाना आदि शामिल है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय तक भी किसी भी मांगों को लेकर कर्मचारियों को उनके देय लाभों से लाभान्वित नहीं किया जा रहा है, जिससे राज्य परिवहन के कर्मचारियों के मन में भारी रोष है। उन्होंने यह भी कहा कि वेतन को छोड़कर वर्दी भत्ता 1150 रुपये, जूते के लिए एक हजार रुपये, वर्दी धुलाई भत्ता 2400 रुपये साल में एक बार मिलता है जो कि आज की महंगाई अनुसार बहुत ही कम है। हर साल दीपावली के पर्व पर पांच हजार रुपये व प्रति माह जोखिम अलाउंस दो हजार रुपये मिलता था पर दोनों लाभ मिलने बंद हो गए हैं। इस मौके पर राज्य प्रधान सुरेंद्र सिंह, प्रधान राजिंद्र कुमार, चेयरमैन बलविंद्र सिंह, राज्य महासचिव राजबीर सैनी, खजांची महेंद्र पाल मौजूद रहे।