लाडवा। अनाजमंडी में दिन के उजाले में एक ट्रक चालक पर तीन बदमाशों ने जानलेवा हमला बोल दिया। खुद को पुलिसकर्मी बताकर मोबाइल छीनने और अपहरण की कोशिश करने वाले इन बदमाशों ने चालक को लाठी-डंडों से पीट दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मंडी में कार्यरत मजदूरों की सूचना पर पहुंची डायल-112 टीम ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद चालक को आगे लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वार्ड नंबर पांच के रहने वाले पीड़ित गुरदीप सिंह (35) ने बताया कि वह मंडी में मजदूरों के साथ ताश खेलते हुए समय बिता रहा था।
शाम करीब चार बजे तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को सीआईए स्टाफ के पुलिसकर्मी बताते हुए उसका मोबाइल फोन छीनने लगे। विरोध करने पर उन्होंने लकड़ी के औजार जंधरा से उसके सिर व शरीर पर कई वार किए। थाना प्रभारी जानपाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में लिया जाएगा।
कुरुक्षेत्र। घायल पीड़ित के बयान दर्ज करती पुलिस। संवाद