शादी समारोह में घर से गए गांव बारना निवासी युवक का शव मिलने के पीछे हत्या की आशंका जताई गई है। इसको लेकर उसके परिजन व अन्य ग्रामीण भड़क उठे और एलएजेपी सिविल अस्पताल के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड करीब एक घंटा जाम कर दिया और जमकर रोष व्यक्त किया। जाम लगने से राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने तीन युवकों पर हत्या के आरोप लगाए तो इसी के साथ पुलिस पर भी मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे डीएसपी कृष्ण कुमार ने सही जांच का भरोसा दिया तो ग्रामीणों ने जाम खोला।
रोष जता रहे गांव बारना निवासी एवं करीब 23 वर्षीय मृतक विक्रम के भाई राजबीर ने बताया कि वह गांववासी ही एक युवक व उसके दो रिश्तेदार युवकों के साथ 27 फरवरी को गांव हथीरा में आयोजित शादी समारोह के लिए गया था। वह वापस नहीं लौटा तो अगले दिन उन्हें किरमिच नहर पर उसकी मोटरसाइकिल खड़ी मिली। उन्होंने पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
उन्होंने आरोप लगाए कि विक्रम को साथ लेकर गए उक्त युवकों ने मिलकर उसकी हत्या की है और शव को गांव बढ़ेड़ा में किरमिच हैड के पास फेंक दिया। शव रविवार को वहां मिला तो उसका सोमवार को पोस्टमार्टम किया गया। इसी के चलते ही पहुंचे मृतक के परिजनों व अन्य ग्रामीणों ने मामले की सही जांच करने व आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी भी की। उन्होंने अस्पताल के बाहर ही रोड जाम कर दिया। जिसकी सूचना मिलने पर डीएसपी कृष्ण कुमार , थाना केयूके ओमपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
जहां डीएसपी ने उन्हें मनाने की कोशिश की तो परिजनों ने पुलिस पर भी मामले को लेकर ढिलाई बरते जाने के आरोप लगाए। डीएसपी ने उन्हें पूरा भरोसा दिया कि मामले की सही जांच कर जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके उपरांत ही ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।