कुरुक्षेत्र। विजेताओं को प्रोत्साहित करते खेल निदेशक एवं अन्य कोच। स्वयं
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय खेल परिसर में आयोजित इंटर कॉलेज पुरुष वॉलीबॉल चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में डीएवी कॉलेज करनाल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। फाइनल मुकाबले में आर्य कॉलेज पानीपत उपविजेता रहा।
कड़े मुकाबलों में तीसरे स्थान पर बीएआर जनता कॉलेज कौल की टीम रही और बीपीआर कॉलेज कुरुक्षेत्र चौथे स्थान पर रहा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों का दिल जीत लिया और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल रहा। खेल निदेशक प्रो. दिनेश राणा ने विजेता टीमों को बधाई दी और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं में खेल भावना, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया कि खेल को जीवन का हिस्सा बनाते हुए निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने हमेशा खेल को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान किया है और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी। इस मौके पर वॉलीबॉल कोच राजेश कुमार, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच राजेश राजौंद सहित अन्य सदस्य एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।