पत्रकारों से वार्ता करते भाकियू के नेता
- फोटो : Amar Ujala
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ पर किसानों के मसले पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। ब्लॉक प्रधान अजीत सिंह भूतमाजरा ने कहा कि हरियाणा के कृषि मंत्री ओपी धनखड़ झूठे मंत्री है। उन्होंने पहले स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट और अब फसल बीमा योजना के बारे में जो यात्रा निकाल रहे हैं, वो सरासर झूठी हैं। क्योंकि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं हुई है बल्कि जबरन फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों के खातों से पैसे काटे जा रहे हैं।
शनिवार को लाडवा अनाज मंडी के किसान विश्राम गृह में बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता ब्लाक प्रधान अजीत सिंह भूतमाजरा ने की। उन्होंने कहा कि एक अगस्त को भारतीय किसान यूनियन द्वारा डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके अलावा 11 अगस्त को कैथल के ढांड की अनाज मंडी में किसानों की एक बड़ी रैली होगी, जिसमें पूरे प्रदेश से किसान जमा होंगे।
उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले किसानों से वादा किया गया था कि सरकार बनते ही स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू होगी, लेकिन सरकार ने इस रिपोर्ट को तो लागू नहीं किया, बल्कि फसल बीमा योजना के नाम पर बीमा कंपनियों को फायदा पहुंचाने का काम जरूर कर दिया। बैठक में मेहर सिंह जैनपुर, मामचंद बपदी, राजपाल बपदा, गुरुबाज सिंह, अजैब सिंह, मदन पाल, शेर सिंह, मेनपाल बूढ़ा तथा मुकेश सहित अन्य मौजूद रहे।