कुरुक्षेत्र। नहर किनारे आराम करता मगरमच्छ। वायर वीडियो से
कुरुक्षेत्र। सतलुज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर के किनारे बच गांव झांसा के पास 10 से 12 फीट लंबे मगरमच्छ के दिखने से इलाके में दहशत फैल गई। बुधवार सुबह चरवाहों ने नहर किनारे मुंह खोले इस मगरमच्छ को देखा और इसका वीडियो बनाकर गोताखोर प्रगट सिंह को भेजा। वन्यजीव विभाग ने चरवाहों और मछली पकड़ने वालों को नहर से दूर रहने की सलाह दी है।
नहर के किनारे मगरमच्छ दिखने का यह पहला मामला नहीं है। पिछले माह ज्योतिसर में सिंचाई विभाग के रेस्ट हाउस के पास पांच फीट का मगरमच्छ पकड़ा गया था, जिसे भौर सैयदां मगरमच्छ प्रजनन केंद्र में छोड़ा गया। प्रगट सिंह ने बताया कि अब नजर आया मगरमच्छ लगभग एक क्विंटल वजन का है और दो महीने पहले नहर में ज्यादा पानी के साथ बहकर आया होगा। ठंड बढ़ने के कारण यह धूप सेंकने बाहर निकला।
प्रगट सिंह ने बताया कि इतने बड़े मगरमच्छ को तुरंत पकड़ना खतरनाक हो सकता है। उनकी टीम ने नहर में जाल बिछाया है और अन्य मगरमच्छों की मौजूदगी की जांच के लिए क्षेत्र पर नजर रख रहे हैं। रेस्क्यू के लिए कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है।
कुरुक्षेत्र। नहर किनारे आराम करता मगरमच्छ। वायर वीडियो से