कुरुक्षेत्र। अपराध अन्वेषण शाखा-दो (सीआईए) की टीम ने एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित और पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश रमन निवासी उमरी को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। टीम को रमन के कब्जे से एक देशी कट्टा और चार कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार वीरवार को सीआईए-दो की टीम अपराध खोजबीन के सिलसिले में सर्किट हाउस के पास तैनात थी। उसी समय टीम को गुप्त सूचना मिली कि उमरी निवासी रमन के पास अवैध हथियार है और वह गांव पलवल में किसी से मिलने आ रहा है। सूचना पर टीम ने पलवल गांव के आसपास निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद एक युवक शहर से पलवल की ओर आता दिखाई दिया, जिसे अवैध हथियार के शक पर हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और चार कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना शहर थानेसर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर सहायक उप निरीक्षक लखन सिंह ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पर 13 मामले दर्ज, कई में जमानत जंपर : सीआईए-दो प्रभारी इंस्पेक्टर मोहन लाल ने बताया कि आरोपी रमन पर कुरुक्षेत्र और करनाल के विभिन्न थानों में कुल 13 मामले दर्ज हैं। इनमें से कई मामलों में वह अदालत से जमानत पर रिहा होने के बाद बेल जंपर है, जबकि अन्य में उसकी गिरफ्तारी लंबित थी। संवाद