बस के दरवाजे पर लटकते वक्त गिरा छात्र, पैर पर चढ़ा टायर
- फोटो : Amar Ujala
नए बस स्टैंड परिसर में बस से गिरकर एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र के पैर पर बस का एक टायर चढ़ गया। जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई है। बताया जाता है कि सुबह करीब आठ बजे छात्र रोडवेज की बस के पिछले दरवाजे पर लटक रहा था, लेकिन हाथ छूटने के कारण वह नीचे गिर गया और बस का टायर उसके पैर पर चढ़ गया। फिलहाल छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है। बेहोश होने के कारण छात्र के बयान भी नहीं हो पाए हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब रोडवेज की एक बस के पिछले दरवाजे पर लटकने की कोशिश में गीता ब्वॉयज स्कूल में 11वीं का छात्र विजय नीचे गिर कर बस की चपेट में आया गया। बस का टायर उसके पैर पर चढ़ गया। हादसे होते ही स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद अन्य यात्रियों की मदद से पास ही स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल किया गया है। खबर लिखे जाने तक छात्र बेहोश था। बताया जाता है कि सुबह करीब आठ जब विद्यार्थी तेजी से भागता हुआ चलती बस के पिछले दरवाजे पर चढ़ने लगा। वह चढ़ भी गया लेकिन अचानक उसका हाथ फिसल गया । छात्र नीचे गिर गया और बस का पिछला पहिया उसके पैर पर चढ़ गया। हादसे के बाद सेक्टर 7 चौकी इंचार्ज अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बस को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
कुरुक्षेत्र डिपो की बस को कब्जे में लिया : महेंद्र
सेक्टर-7 पुलिस चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि गीता ब्वॉयज स्कूल में 11वीं कक्षा का विद्यार्थी विजय सुबह बस में चढ़ने की कोशिश में गिर गया। बस का टायर उसके पैर पर चढ़ गया। छात्र भगवान नगर में रहता है। चौकी प्रभारी के अनुसार डॉक्टरों ने बताया है कि बच्चे की टांग की कई हड्डियां टूट गई है। फिलहाल वह बेहोश है, उसके अभी तक बयान दर्ज हो पाए हैं। कुरुक्षेत्र डिपो की बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।