राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या एक पर चार लुटेरों ने बुधवार देर रात पानीपत के दो शराब ठेकेदारों से पिस्टल के दम पर गाड़ी और नकदी आदि लूट ली।
पीड़ित किसी काम से चंडीगढ़ जा रहे थे। वारदात करने वाले लुटेरे कार में सवार थे। दोनों ठेकेदार वारदात स्थल से पैदल ही चाय के एक खोखे पर पहुंचे और वहां से पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
पानीपत निवासी शराब ठेकेदार सुरेंद्र और उसका साथी ठेकेदार प्रदीप किसी काम से अपनी बोलेरो गाड़ी से बुधवार रात को चंडीगढ़ जा रहे थे। वे रात को करीब 12:30 बजे पिपली से अंबाला की ओर जा रहे थे। प्रतापगढ़ मोड़ के पास उन्होंने गाड़ी रोक ली।
गाड़ी ठेकेदार सुरेंद्र चला रहा था। वहां गाड़ी रोककर सुरेंद्र लघु शंका के लिए चला गया जबकि प्रदीप गाड़ी में ही बैठा रहा। इसी दौरान एक सफेद रंग की रिट्ज गाड़ी वहां आकर रुकी। उसमें चार युवक बैठे थे। गाड़ी में से तीन युवक उतरे और उन्होंने प्रदीप की कनपटी पर पिस्टल लगा दी। इसके बाद उन्होंने प्रदीप को गाड़ी से नीचे फेंक दिया और बोलेरो लेकर भाग गए।
मोबाइल और 70 हजार कैश भी ले गए
सुरेंद्र और प्रदीप ने बताया कि लुटेरे बोलेरो गाड़ी के साथ उनके मोबाइल फोन और गाड़ी के डैश बोर्ड में रखे 70 हजार रुपये भी लूट ले गए। कोई साधन न होने के कारण और रात को एक बजे का समय होने के कारण उन्हें कोई सहायता भी दिखाई नहीं दी। उन्होंने कई वाहनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन कोई नहीं रुका।
चाय विक्रेता के मोबाइल से दी पुलिस को सूचना
दोनों शराब ठेकेदार वहां से प्रतापगढ़ मोड़ तक पहुंचे। वहां पर चाय की दुकान खुली हुई थी। इसके बाद उन्होंने चाय विक्रेता के मोबाइल ये पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि गाड़ी चालक बार-बार डिपर दे रहे थे और रुकने का इशारा भी कर रहे थे। ऐसे में उन्होंने भी यही सोचा कि गाड़ी चालक को शायद किसी तरह की जरूरत है।
पानीपत के शराब ठेकेदारों से बुधवार की रात करीब साढ़े 12 बजे के आसपास कार सवार चार बदमाश बोलेरो गाड़ी, 70 हजार कैश और मोबाइल फोन लूट कर ले गए हैं। शराब ठेकेदार के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट, शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। लुटेरों की तलाश की जा रही है।
एसआई रामप्रकाश, कार्यवाहक एसएचओ, थाना सदर, कुरुक्षेत्र।