थाना इस्माईलाबाद के गांव मलिकपुर में एक महिला का शव अपने घर पर ही संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच में बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर ने तेजधार हथियार से महिला की हत्या की है।
हत्या की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच शव की जांच की और मृतका के जेठ की शिकायत पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सूचना मिलते ही डीएसपी पिहोवा चंद्रपाल, सीआईए-2 के इंचार्ज दीपंद्र राणा भी सहित डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंच गए थे।
जीत सिंह वासी मलिकपुर ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि वे तीन भाई हैं। तीनों भाई शादीशुदा हैं, जिसमें से उसका भाई मृतका का पति मलकीत सिंह करीब एक साल से चूरापोस्त के केस में पांच साल की सजा कुरुक्षेत्र जेल में काट रहा है। उसकी पत्नी मूर्ति देवी घर में अकेली रहती थी।
रविवार की सुबह जब वह गांव के सत्संग भवन में सत्संग सुनने गया था तो पीछे से उसके भतीजे कृष्ण ने बताया कि मूर्ति देवी को किसी ने मार दिया। यह सूचना मिलते ही जब वह मृतका मूर्ति देवी के घर पहुंचा तो देखा कि उसका शव चारपाई पर पड़ा है। उसके शरीर पर तेजधार हथियार के निशान बने थे। उसने इसकी सूचना गांव के सरपंच बलदेव सिंह को भी दी। पुलिस ने मृतका के जेठ की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला की हत्या के चलते गांव में दहशत का माहौल है। महिला की हत्या से हर ग्रामीण अचंभे में है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई माह से मूर्ति देवी अपने मकान में अकेली रहती थी। उसका पति पिछले करीब एक साल से चूरापोस्ट के केस में कुरुक्षेत्र जेल में पांच साल की सजा काट रहा है। घर का सामान बिखरा होने के कारण सब इसे लूटपाट का मामला ही समझ रहे हैं।
पति जेल में, बेटी ससुराल में, घर पर अकेली महिला
मृतका का पति चूरापोस्त के मामले में जेल में बंद है वहीं मृतका की बेटी शादी के बाद अपने ससुराल में है अब सवाल यह खड़ा होता है कि क्या हत्या करने वाले व्यक्तियों को यह जानकारी थी कि महिला घर पर अकेली रहती है वहीं क्या आसपास के लोगों को चिल्लाने की आवाजें सुनाई दी थी।
ये कहते है थाना प्रभारी
थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि गांव के सरपंच बलदेव सिंह ने थाना में दूरभाष पर सूचना दी कि गांव मलिकपुर में एक महिला का अज्ञात हमलावरों ने मर्डर कर दिया है। सूचना मिलते ही वे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मौके से सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम, सीन ऑफ क्राइम टीम तथा डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। उन्होंने बताया कि इनकी सहायता से पुलिस जल्द ही इस हत्या के मामले की गुत्थी जल्द ही सुलझा देगी।
डीएसपी पिहोवा चंद्रपाल ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया है लेकिन अभी तक हत्यारोपियों की पहचान नहीं हुई है। हत्या किस हथियार से की गई है वह भी सामने नहीं आया है हालांकि हत्या किसी तेजधार हथियार से की गई है। इतना ही नहीं घटना के बाद घर का सामान भी बिखरा हुआ था। संभावना जताई जा रही कि घर में लूटपाट भी की गई है।