अमृतसर से दिल्ली जा रही टूरिस्ट बस मंगलवार अल सुबह पिपली में जीटी रोड पर गांव प्रतापगढ़ के पास पलट गई। तड़के हुए हादसे में 25 से ज्यादा यात्री घायल हो गए।
घायलों को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहां से उन्हें एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। बस के असंतुलित होकर पलट जाने का कारण चालक की झपकी बताई जा रही है। इस हादसे में एक महिला का पैर बुरी तरह से खराब हो गया है।
राजस्थान के भीलवाड़ा से टूरिस्ट्स को लेकर एक बस अमृतसर गई थी। वह सोमवार को देर रात दिल्ली के लिए चल दी। मंगलवार को अल सुबह करीब साढ़े तीन बजे बस जीटी रोड पर प्रतापगढ़ के पास असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराई।
इसके बाद रोड के बीच में पलट गई। हादसे में बस में बस चालक और परिचालक समेत करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। इनमें राजस्थान निवासी चंदा देवी (42 वर्षीय) की टांग घुटने के नीचे से पूरी तरह से कुचल गई। अन्य सवारियों को भी गंभीर चोटें आई हैं।
यात्री थे गहरी नींद में
तड़के जिस समय हादसा हुआ उस समय बस के सभी यात्री गहरी नींद में थे। एकाएक बस पलटी तो जीटी रोड पर कोहराम मच गया।
वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने बस में सवार घायलों को बाहर निकलना शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी यात्री उत्तर भारत के दर्शन के लिए निकले थे। अमृतसर घूमने के बाद वे दिल्ली जा रहे थे। वहां घूमने के बाद सभी को वापस राजस्थान जाना था।
ये हुए घायल
अस्पताल में दाखिल होने वालों में नमन (18 वर्षीय), रूपचंद (45 वर्षीय), संयम (12 वर्षीय), सावन बाला (35 वर्षीय), कामला देवी (35 वर्षीय), कौशल्या देवी (45 वर्षीय), नामीचंद (45 वर्षीय), शीला देवी (44 वर्षीय), खुशी (11 वर्षीय), सरिता (40 वर्षीय), लोकेश (26 वर्षीय), नरेश (45 वर्षीय), अमर सिंह (50 वर्षीय), रौनक (16 वर्षीय), कमलचंद (45 वर्षीय), प्रेम देवी (48 वर्षीय), सोमपती (33 वर्षीय), नंदकिशन (45 वर्षीय), योगिता (35 वर्षीय), अकाश (24 वर्षीय), चंदा देवी (42 वर्षीय), रजाज (12 वर्षीय), सुशीला (45 वर्षीय) आदि।
ये हादसा इत्तफाकिया हुआ था। अचानक बस डिवाइडर से टकराई और उसके बाद असंतुलित होकर पलट गई। बस चालक को झपकी आने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
एएसआई रविंद्र कुमार, जांच अधिकारी, थाना सदर, कुरुक्षेत्र।