शाहाबाद में छपरी से डीग रोड पर स्कूटी पर घर जा रही एक युवती से पता पूछने के बहाने एक युवक बैग लूटकर फरार हो गया।
युवती ने शोर भी मचाया, लेकिन रोड खाली होने के कारण कोई मददगार नहीं मिला। बाद में युवती ने परिजनों को घर पहुंचकर सारी बात बताई। युवती परिजनों के साथ थाना में पहुंची और मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पूजा पुत्री रणजीत सिंह निवासी गांव डीग थाना शाहाबाद ने बताया कि वह पिपली मिलिट्री कैंटीन में कार्य करती है।
रविवार को दोपहर करीब 2.40 मिनट पर वह बस स्टैंड शाहबाद से अपनी स्कूटी पर शुगर मिल शाहबाद से अपने गांव डीग की ओर जा रही थी। जब वह छपरी से डीग लोकल सड़क पर पहुंची तो एक युवक उसके पास पहुंचा और किसी का पता पूछने लगा।
इस पर उसने विश्वास कर स्कूटी रोक कर उसे पता बताने लगी तो युवक उसकी स्कूटी से बैग लूटकर फरार हो गया। उसने बताया कि पर्स में 6000 रुपये, एक मोबाइल फोन, एटीएम, आई कार्ड व अन्य जरूरी कागजात थे। शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में जांच आरंभ कर दी।