गांव भट्ठमाजरा के पास बुधवार को अंबाला रोड पर कुछ युवकों ने ट्रैफिक
पुलिस की टीम की मदद सेे लोगों की गाड़ियों पर रिफ्लेक्टर लगाकर वाहन
चालकों से जमकर अवैध वसूली की।
सूचना पर पहुंचे थाना अध्यक्ष योगेश कुमार
सभी युवकों को कागजातों के साथ पूछताछ करने के लिए साथ ले गए। ड्यूटी पर
तैनात ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर धर्म सिंह ने बताया कि उन्हें
ट्रैफिक इंचार्ज अजय सिसौदिया नेे इन कर्मचारियों के साथ भेजा है। कागजात
दिखाने पर वे कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
अंबाला रोड पर बुधवार
को सुबह से ही 5-7 युवक पुलिस की मदद से आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उन
पर रिफ्लेक्टर लगा रहे थे और इसके एवज में वाहन चालकों से 200 रुपये वसूल
रहे थे। उनके द्वारा दी जा रही रसीद के नीचे न तो कार्बन लगा था और न कोई
सरकारी लोगो।
कैश रसीद पर ओबे ट्रैफिक रूल्स रोड सेफ्टी कैंपेन कुरुक्षेत्र
लिखा था। बताया जा रहा है कि इन लोगों ने मंगलवार को भी गाड़ियों पर
रिफ्लेक्टर लगाए थे और वाहन चालकों से हजारों रुपये ऐंठे थे। इस बारे में
सब इंस्पेक्टर धर्म सिंह ने बताया कि उन्हें ट्रैफिक इंचार्ज अजय सिसौदिया
ने भेजा है।
जिला ट्रैफिक इंचार्ज अजय सिसौदिया से बात की गई तो उन्होंने
बताया कि उन्होंने केवल ट्रैक्टर-ट्रॉली पर ही रिफ्लेक्टर लगाने के लिए कहा
था। यदि ये लोग अन्य वाहनों से भी वसूली कर रहे हैं, तो ये गलत है। इसकी
जांच करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये कहते है एसएचओ
एसएचओ
योगेश कुमार ने बताया कि उनके पास पाए गए सभी कागजातों की फोटोस्टेट कॉपी
थी। युवक अपना परमिशन लेटर भी नहीं दिखा पाए। उन्होंने उनके मालिक से फोन
पर बात की है। वे जल्द ही कागजात लाकर दिखाएंगे। यदि उनमें कोई कमी पाई गई
तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।