नाना की गोद में खेल रहे एक मासूम को उसके दादा और अन्य लोगों ने मिलकर अपहरण कर लिया। पुलिस ने पीछा कर आरोपियों को नेशनल हाईवे नंबर एक पर पड़ाव थाना क्षेत्र, अंबाला के निकट काबू कर लिया। भागने के क्रम में तालाब में उतरे दो आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। इस दौरान पहुंची कुरुक्षेत्र पुलिस पड़ाव थाना क्षेत्र पहुंची। वहां आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चे और आरोपियों को शाहाबाद व कुरुक्षेत्र पुलिस के हवाले कर दिया गया। कुरुक्षेत्र पुलिस ने दादा समेत पांच लोगों पर मामला दर्ज किया है।
कुरुक्षेत्र के प्रतापगढ़ निवासी सुनीता की शादी वर्ष 2013 में गांव रामगढ़ जिला पंचकूला निवासी रवि के साथ हुई थी। वर्ष 2015 में उसके पति की मौत हो गई। इसके बाद सुनीता अपने बेटे मौलिक को लेकर अपने माता-पिता के पास मायके आ गई। इसके बाद दोनों पक्षों में बच्चे को रखने को लेकर पंचायत होने के बाद भी सुलह नहीं हो पाई। रवि के पिता गुरदेव सैनी अपने पोते को वापस दिए जाने की मांग करता रहा। जब इस पर सुनीता के मायके वाले नहीं माने तो उन्होंने बच्चे को हासिल करने की साजिश रची।
रविवार को सुनीता अपने पिता हरपाल सिंह और अन्य परिजनों के साथ उमरी रोड पर केडीबी रोड के समीप स्थित सत्संग भवन से सत्संग सुनकर कार से अपने गांव प्रतापगढ़ लौट रही थी। ये लोग गांव खेड़ी मारकंडा के समीप पहुंचे ही थे कि गुरदेव और अन्य लोगों ने उनकी कार को रोक लिया और वे अपने नाना की गोद में खेल रहे मौलिक को छीनकर फरार हो गए। उन्होंने इस घटना की सूचना कुरुक्षेत्र पुलिस को दी और यहां से अंबाला पुलिस को भी सूचित कर दिया।
अंबाला में दाखिल होते ही पुलिस की गाड़ी ने बताए गए वाहन का पीछा शुुरू कर दिया। इसके पीछे ही कुरुक्षेत्र पुलिस की गाड़ी भी थी। अपने को फंसता देख आरोपियों ने अपनी गाड़ी को सर्विस लेन पर डाल दिया, जबकि पीछा कर रही पुलिस की गाड़ियों ने इसी सर्विस लेन में ही इस गाड़ी को घेर लिया। अपने को घिरा देख यह आरोपी वाहन छोड़कर फरार होने लगे, जबकि पुलिस भी इनके पीछे भागी। बचने के लिए यह तालाब में उतरकर दूसरी ओर जाने की कोशिश में थे, जबकि पीसीआर पर तैनात एसपीओ नरेश ने तालाब में उतरकर दोनों को काबू किया। इसी दौरान एएसआई जोगिंद्र व ड्राइवर विनोद भी पहुंच गए और आरोपियों को दबोच लिया।
गुरदेव ने अपने पोते को गलत तरीके से और कानून को दरकिनार कर उठाया और उसके परिजनों से मारपीट की। इसकी शिकायत सुनीता के परिजनों की ओर से मिली है। शिकायत के आधार पर बच्चे के दादा व तीन अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- सुरेंद्र सिंह, सदर थाना प्रभारी, कुरुक्षेत्र
पीड़ित महिला सुनीता के मामा अश्वनी निवासी प्रतापगढ़ की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों पर मामला दर्ज किया है। बच्चे के अपहरण की साजिश उसके दादा ने रची थी, जबकि अन्य चार लोगों ने उसका साथ दिया है। फिलहाल तीन आरोपी काबू हैं, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
- एएसआई नागेंद्र, पीपली थाना
बच्चे के अपहरण की सूचना आई थी। इस पर अंबाला की पीसीआर और कुरुक्षेत्र पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा और बच्चे को छुड़ाया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चे और आरोपियों को कुरुक्षेत्र पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
- भूषण दास, एसएचओ, पड़ाव थाना