राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में एमटेक कर रहे पुडुचेरी निवासी एक छात्र की संदिग्ध हालत में मौत हो गई।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब छात्र के साथी उसे सुबह नाश्ते के लिए उठाने गए। लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। इस पर साथी छात्रों ने बालकनी से जाकर देखा तो वह आधा बेड पर लटका मिला। इस पर उन्होंने तुरंत हॉस्टल अथॉरिटी को सूचना दी।
जब वे उसे अस्पताल लेकर गए तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। छात्र के परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं, सूचना मिलने पर एसपी सिमरदीप सिंह, एएसपी सुमेर प्रताप सिंह, एसडीएम सतबीर कुंडू समेत अन्य अधिकारियों ने पहले अस्पताल और उसके बाद हॉस्टल में जाकर जांच की।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। छात्र का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा। मामले के अनुसार एनआईटी के हॉस्टल नंबर 6 में शनिवार सुबह करीब 9 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब कमरा नंबर-353 में रह रहा एक छात्र केविन जोसफ निवासी पुडुचेरी संदिग्ध हालत में बेसुध हालत में पड़ा मिला। हॉस्टल में रहने वाले उसके साथी छात्र जगदीश ने बताया कि शनिवार को सुबह वह अपने दोस्त केविन को नाश्ते के लिए बुलाने के लिए करीब 9 बजे उसके कमरे में गया था।
उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। काफी देर तक भी दरवाजा न खोलने पर उसे शक हुआ तो उसने अन्य दोस्तों को भी वहां बुला लिया और उसके बाद वे पीछे की ओर से बालकनी में गए और उन्होंने वहां से भीतर झांका तो देखा कि केविन कमरे में बेड पर औंधे मुंह पड़ा हुआ था और आधा जमीन पर लटका हुआ था।
उन्होंने तुरंत हॉस्टल अथॉरिटी को सूचना दी। इसी बीच हॉस्टल मेस स्टाफ की मदद से वे तुरंत उसे एंबुलेंस में डालकर अग्रवाल अस्पताल में लेकर गए। लेकिन, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एमटेक सेकेंड ईयर का छात्र था केविन
मूल रूप से पुडुचेरी का निवासी केविन जोसफ इन्वायरमेंट इंजीनियरिंग विषय में एमटेक कर रहा था। उसका सेकेंड इयर था। छात्र के साथियों ने बताया कि केविन काफी मिलनसार युवक था। सभी के साथ बेहतर व्यवहार रखता था। उसके पिता का पहले ही देहांत हो चुका था।
उसकी मां नर्स हैं और भाई चेन्नई में कार्यरत है। उन्होंने बताया कि केविन किसी तरह का कोई नशा आदि नहीं करता था। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
दिन में था हलका सिरदर्द और दस्त
छात्र के दोस्तों ने बताया कि शुक्रवार को दिन में वह सिर दर्द और दस्त आदि की शिकायत कर रहा था। शाम को वह उसके कमरे में भी गए थे और उसके बाद वे एक साथ खाना खाने भी गए थे। लेकिन, उसने थोड़े से चावल और अचार खाने के बाद खाना नहीं खाया। इसके बाद वह सीधा कमरे में चला गया था।
केविन ने किया था संघर्ष
मौके पर पहुंचे छात्र साथियों का कहना है कि जिस तरह के हालात में युवक मिला उससे साफ लग रहा था कि उसकी रात में हालत बिगड़ी है। इसके बाद उसने मदद के लिए उठने का प्रयास भी किया होगा, लेकिन वह स्वयं को संभाल नहीं पाया।
सुबह के समय उसका शरीर कुछ अकड़ा हुआ सा भी लग रहा था। सहयोगियों का कहना है कि समय पर यदि मदद मिलती तो उसकी जान बचाई जा सकती थी, लेकिन कमरे में अकेला होने की वजह से उसे मदद नहीं मिल पाई।
नहीं मिला चोट का कोई निशान
फॉरेंसिक जांच एक्सपर्ट अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई भी चोट के निशान नहीं है। उन्होंने बताया कि मृतक ने रूम के बैड पर उल्टी कर रखी थी जो कि जांच का विषय है।
उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मामला खुलेगा।
क्या कहना है एनआईटी जनसंपर्क अधिकारी का
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर सूचना मिली थी कि हॉस्टल नंबर 6 के एक छात्र का स्वास्थ्य खराब है और उसे हॉस्टल के छात्र एनआईटी की एंबुलेंस में एक निजी अस्पताल ले गए हैं।
जहां पहुंचने पर पता लगा की छात्र की मृत्यु हो चुकी है। आशुतोष ने बताया कि इस बाबत मृतक छात्र के परिजनों को सूचना दे दी है।
जांच के बाद ही कुछ कहना संभव : एएसपी
एएसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक छात्र के परिजनों के आने के बाद ही उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।
मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम के बाद जो भी हालात सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।