मोबाइल फोन रखने वाले सावधान हो जाएं। कहीं अनजान फोन आने वाले व्यक्ति आपको अपने जाल में फंसाकर ठग न ले। आजकल मोबाइल फोन पर अंजान नंबर से फोन आ रहा है। जो मिट्टी की खुदाई करते समय सोना निकलने की बात कह कर अपने जाल में फंसाना चाहते हैं। ऐसा ही एक फोन पिछले कई दिनों से लाडवा के एक व्यक्ति संजीव कुमार के पास आ रहा है।
मोबाइल रिकॉर्डिंग सुनाते हुए संजीव कुमार ने बताया कि पिछले कई दिनों से उनके पास 98283-78966 नंबर से फोन आ रहा है। यह व्यक्ति अपने आपको राजस्थान का बताता है तथा जेसीबी मशीन चलाने की बात कहता है। उन्होंने बताया कि जेसीबी मशीन से मिट्टी खुदाई करते हुए उसके पास राजस्थान में सोना निकला है, जिसे वह बेचना चाहता है। उन्होंने कहा कि यदि आप सोना खरीदना चाहते हो तो आधे भाव में वह उसे सोना दे सकता है। संजीव ने बताया कि उसे कुरुक्षेत्र बुलाने के लिए बहुत प्रयास किया गया, लेकिन वह राजस्थान से रेवाड़ी तक आने को तो सहमत हो गया, लेकिन कुरुक्षेत्र आने को तैयार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह व्यक्ति आधे भाव में सोना देने का लालच देता है तथा कुछ ग्राम सोना सैंपल देकर सुनार के पास तसल्ली करने की भी बात कहता है। ऐसा भी नहीं है कि इस प्रकार के फोन पहली बार आए हुए हों। कई बार तो यह व्यक्ति कई लोगों को लालच देकर मोटा चूना भी लगा चुके हैं।