सन्निहत सरोवर पर अपने मां-बाप से मिलने पहुंची एक महिला की चेन झपटकर एक युवक पैदल ही दौड़ गया। जब महिला व उसकी मां ने उसका पीछा किया तो युवक ने कपड़े उतार कर फेंक दिए। इससे महिलाएं रुक गई।
इसके बाद युवक घर की छत पर चढ़ गया और वहां से पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस भी करीब ढाई बजे दोपहर से युवक को नीचे उतारने की जुगत में लगी रही, लेकिन देर रात तक युवक काबू नहीं आया था। समाचार लिखे जाने तक काफी संख्या में लोग और पुलिस मौके पर थे जबकि छत पर खड़ा युवक हूटिंग कर रहा था।
हुआ यूं कि तरावड़ी निवासी पूजा रविवार को अपने तीन बच्चों के साथ कुरुक्षेत्र के चक्रवर्ती मोहल्ला स्थित पांडव गली में अपने मायके आई थी। रविवार को वह सन्निहित सरोवर पर अपने भाई से मिलने गई थी। उसके भाई बलराज ने सरोवर पर कमल ककड़ी का ठेका ले रखा है।
उस समय उसकी मां गंगा देवी भी वहीं पर मौजूद थी। जब वह सरोवर के पास अपनी मां के साथ घूम रही थी तो अचानक एक युवक वहां आया और उसके गले से चेन झपट कर पैदल ही भाग लिया। इस पर उन्होंने शोर मचाया और युवक का पीछा करना शुरू कर दिया।
पूजा ने बताया कि जब वे उसका पीछा कर रही थी तो उस युवक ने अपने कपड़े उतार दिए और हाथों में पत्थर लेकर उन्हें ही मारने को दौड़ पड़ा। इस पर वह महिला वहीं रुक गई।
घर की छत पर चढ़कर काटा बवाल
युवक की पहचान फौजी कालोनी निवासी अमनदीप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सरोवर से भाग जाने के बाद युवक सीधे अपने घर पहुंचा और छत पर जा चढ़ा।
युवक ने वहां छत पर खड़े होकर बवाल काटना शुरू कर दिया। वहीं, पीछा करते हुए पूजा भी अपनी मां के साथ वहां पहुंच गई। उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलने पर सुभाष मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस और लोगों पर किया जमकर पथराव
युवक को छत से नीचे उतारने के लिए जैसे ही पुलिस कर्मचारी घर के अंदर जाने लगे तो युवक ने उन पर ईंटें बरसानी शुरू कर दी। इस बीच कई बार लोगों ने नीचे से अपील भी की, लेकिन वह नहीं उतरा।
बल्कि छत से कूदने का ड्रामा भी करता रहा। पुलिस ने इस दौरान सादी वर्दी में भी घुसने का प्रयास किया, लेकिन उसने फिर पथराव कर दिया। यह सारा हंगामा देर रात तक जारी रहा।
हर कोई रहता है परेशान और डरा हुआ
मोहल्ले में ही रहने वाले डा.प्रमोद कौशिक ने बताया कि युवक नशेड़ी प्रवृति का है। इस युवक के व्यवहार के कारण न केवल मोहल्ला वासी बल्कि आने वाले तीर्थ यात्री भी डरे रहते हैं। यह युवक नशे में किसी पर भी पत्थरों से हमला कर देता है।
छह माह पहले रहा था नशा मुक्ति केंद्र में
मोहल्ले के ही एक अन्य व्यक्ति बलविंद्र सिंह ने बताया कि अमनदीप को नशे की आदत है। पहले भी दो तीन बार नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल करवा चुके हैं। छह-छह माह वहां लगाने के बाद भी इसकी नशे की आदत नहीं छूट रही है।
‘यह मामला चेन स्नैचिंग का हैं या नहीं, ये तो बाद में खुलासा होगा। लेकिन, फिलहाल लड़के को छत से नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवक को गिरफ्तार करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता हैै।’
एसआई यशदीप, प्रभारी, सुभाष मंडी चौकी।