उधार दिये तीन हजार रुपये मांगे तो शहर के गीता कन्या स्कूल के निकट रहने वाले अतुल बंसल पर उसी के दोस्त ने तेजधार हथियार से गले पर वार किया। इस हमले में अतुल बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। यह घटना शनिवार को निकटवर्ती गांव खेड़ीरामनगर में अतुल की दुकान पर हुई। हमले के बाद हमलावर घटनास्थल से फरार हो गया, जबकि जख्मी दुकानदार अतुल बंसल को तत्काल अन्य दुकानदारों और अन्य लोगों की मदद से लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गई।
अतुल के पड़ोसियों ने बताया कि जिस व्यक्ति ने हमला किया, उसका अतुल के पास काफी समय से उठना बैठना और खाना-पीना चलता रहता था। दुकानदारों ने बताया कि गले पर वार होते ही घटनास्थल से लेकर अस्पताल पहुंचने तक लगातार काफी खून बहा, जिसके चलते कुरुक्षेत्र अस्पताल में ही उसे तीन यूनिट ब्लड चढ़ाना पड़ा। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। अतुल की हालत नाजुक होने के कारण अभी उसका बयान नहीं हुआ है।
रवाना करते ही रुकवानी पड़ी एंबुलेंस
गले जैसी संवेदनशील जगह पर तेजधार हथियार के घातक वार से जहां दुकानदार की हालत गंभीर बनी हुई थी, वहीं करीब डेढ़ घंटे उपचार के बाद बमुश्किल खून का बहना रोका गया, लेकिन इसके तुरंत बाद जैसे ही अतुल को पीजीआई चंडीगढ़ रवाना किया, अभी एंबुलेंस अस्पताल के मेन एंट्री गेट से बाहर भी नहीं निकली थी कि गले से फिर खून बहना शुरू हो गया, जिसके कारण डाक्टरों ने एंबुलेंस में ही काफी प्रयास के बाद उसे पीजीआई भेजा।
माता-पिता और बहन हुए बेसुध
अतुल को खून में लथपथ इस हालात में देख उसकी माता सुनीता बंसल, पिता अशोक बंसल और बहन इतने भयभीत हो गए कि उन्हें पड़ोसियों ने उसके पास जाने से रोका, लेकिन बहन और मां की जिद के बाद उन्हें भी एंबुलेंस में इनके साथ भेजा गया। अतुल के परिजनों ने बताया कि वह पिछले काफी समय से निकटवर्ती गांव खेड़ी रामनगर में करियाना दुकान चला रहा था। गांव में जिसकी दुकान में अतुल किरायेदार था उसी की गाड़ी में उसे अस्पताल पहुंचाया गया था।