ऊन। घरेलू कलह में बेटे ने महिला को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के पति की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कस्बा ऊन के मोहल्ला जयसिंह निवासी अनीता पत्नी कृष्णपाल (42) अपने मकान में चारपाई पर लेटी हुई थी। आरोप है कि अचानक पीछे से आकर उसके पुत्र निखिल उर्फ पिंटू ने उसे तमंचे से सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद ऊन चौकी प्रभारी अवनीश अष्टवाल मय फोर्स के मौके पर पहुंचे।
घायल महिला को शामली के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। शक के आधार पर पुलिस ने महिला के बेटे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ में उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया।
पुलिस को तमंचा और खोखा भी अलमारी से बरामद करा दिया। इस मामले में महिला के पति कृष्णपाल ने आरोपी बेटे के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गुमराह करने के लिए आरोपी ने मचाया शोर
ऊन। महिला के बेटे ने घटना के बाद पहुंची पुलिस को गुमराह करने के लिए शोर मचाया कि तीन युवकों ने मकान के अंदर घुसकर गोली मारी है और बाइक से फरार हो गए। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी अपना बयान बदलने लगा। इस पर पुलिस को उस पर पूरी तरह से शक हो गया और उसे हिरासत में ले लिया।
पारिवारिक कलह के चलते युवक ने अपनी मां को गोली मारी है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर तमंचा और खोखा घर से ही बरामद कर लिया है।
- अवनीश गौतम, प्रभारी थाना झिंझाना।