पुलिस ने अलग-अलग चोरी करने वाले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इन आरोपियों ने आठ चोरी की वारदातें कबूल कर ली है। पकड़े गए चोर गिरोह के सदस्यों से चोरी की तीन मोटरसाइकिल, एक टावर की बैटरी, 14 किलोग्राम स्क्रैप और 11 हजार रुपये नकद सहित कुल 3 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए दो प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक रोहताश, जगपाल, बलवंत सिंह, सहायक उप निपरीक्षक महिपाल, हवलदार सतीश कुमार, मलकीत सिंह व दीपक कुमार की पुलिस टीम चोरी के मामले की जांच कर रहे थे।
इस दौरान दो मोटरसाइकिल चोरी करने के मामलों में तीन आरोपियों प्रदीप कुमार, अजय कुमार उर्फ गंजा और कुलविंद्र निवासी गांव भौरसैयदा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने माना कि उन्होंने एक मोटरसाइकिल 14 जून को एलएनजेपी कुरुक्षेत्र से चोरी की थी।
जबकि एक मोटरसाइकिल 19 जून को ब्रह्म सरोवर से चोरी की थी। चोरी की मोटरसाइकिल के साथ ही अमजद खान निवासी हाल किरायेदार ज्योतिनगर कुरुक्षेत्र को पकड़ा। यह मोटरसाइकिल 8 जून को कोर्ट कांप्लेक्स से चोरी की थी। दूसरी तरफ पुलिस की एक टीम ने नजदीक गांव खानपुर कोलियां से टावर से बैटरियां चोरी करने के मामले में हैदर अली निवासी जानी कलां जिला मेरठ को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की बैटरी भी बरामद कर ली। पूछताछ पर आरोपी ने माना कि उसने टावर से यह चोरी अपने ही गांव के सत्तार के साथ मिलकर की थी।
सत्तार फिलहाल फरार है। एक अन्य मामले में पुलिस टीम ने गोल्डी निवासी नंद कॉलोनी पिहोवा की दुकान से 19 हजार रुपये कैश व स्क्रैप चोरी करने के मामले में दो आरोपियों जॉनी और बलविंद्र निवासी पिहोवा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये व 14 किलोग्राम स्क्रैप बरामद की। इसी तरह वर्ष 2014 में सरकारी स्कूल से कंप्यूटर और अन्य सामान चोरी करने के मामले में आरोपी प्रमोद कुमार निवासी भौरसैयदा को गिरफ्तार किया। दोनो आरोपी प्रदीप कुमार व प्रमोद कुमार रिमांड पर है। आरोपियों से चोरी के कई और मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है। आरोपियों से अन्य चोरी के मामलों में खुलासा होने की संभावना है पूछताछ जारी है।