शराब के नशे में पानी की टंकी से युवक ने लगाई छलांग, मौत
- पलवल का रहने वाले है मृतक बल्लू, बहन के पास आया था लाडवा
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। रेलवे स्टेशन के समीप स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर शराब के नशे में एक युवक ने छलांग लगा दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक पलवल का रहने वाला है और लाडवा अपनी बहन के पास आया था। जीआरपी व सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
पलवल, फरीदाबाद निवासी बल्लू(25) लाडवा में अपनी बहन के घर पिछले कई दिनों से आया हुआ था। वह कारपेंटर था और कुरुक्षेत्र में काम ढूंढ रहा था। सोमवार दोपहर खाना खाने के बाद वह घर से निकला था। इसके बाद वह गांव मथाना गया। यहां अपने जानकार मिस्त्री से मिला और शराब के लिए पैसे मांगे। उसने पैसे देने से इनकार कर दिया। कुछ समय बाद वह कुरुक्षेत्र पहुंचा और रेलवे स्टेशन के समीप पानी की करीब 120 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ गया और छलांग लगा दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही
सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। जीआरपी एएसआई जोगिंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के पास से शराब का एक पव्वा भी मिला। वह इस दौरान नशे की हालत में भी लग रहा था। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी और वे देर शाम पहुंचे। बल्लू का तीन पहले तलाक हुआ था। उसके दो बच्चों की मौत भी हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा था। पुलिस घटना की जांच में लगी है।