धर्मशाला के कमरे में टिहरी गढ़वाल वासी युवक ने किया सुसाइड
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
ब्रह्मसरोवर के निकट कश्यप राजपूत धर्मशाला के कमरे में टिहरी गढ़वाल निवासी एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। धर्मशाला के रिकॉर्ड में मृतक का नाम गणेश पुत्र जगदीश प्रशाद डबराल निवासी लवली गफ्फार लावली टिहरी गढ़वाल उत्तराखंड दर्ज है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई के साथ मृतक के परिवार को सूचित किया। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजन कुरुक्षेत्र नहीं पहुंचे थे। बुधवार को मृतक का पोस्टमार्टम कुरुक्षेत्र लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में होगा।
धर्मशाला के प्रधान देसराज कश्यप ने बताया कि गणेश 24 जनवरी 2018 से धर्मशाला के कमरा नंबर 34 में ठहरा था। गणेश इससे पहले सितंबर 2017 में भी 10 दिन तक कश्यप धर्मशाला में ठहर चुका है। इस बार 24 जनवरी को उसने एक महीने तक धर्मशाला में ठहरने की बात मैनेजर को बताई थी। अभी तक उसने धर्मशाला में पैसे जमा नहीं कराये थे। धर्मशाला के प्रधान के मुताबिक मंगलवार को उसे धर्मशाला में कमरे का किराया जमा कराना था, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। जब कमरे में जाकर दरवाजा खटखटाया तो भीतर से कुंडी बंद थी। अंदर से किसी प्रकार की आवाज न आने पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस के धर्मशाला में पहुंचने पर कमरे का दरवाजे को तोड़ कर खोला गया। वहां गणेश का शव पंखे में बंधी लोई से बनाये गये फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने धर्मशाला के कमरे में छानबीन की, लेकिन सुसाइड नोट नहीं मिला। पता चला है कि चार भाई और तीन बहनों में गणेश तीसरे नंबर का था। अविवाहित होने के साथ ही बेरोजगार भी था।