जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इस्माईलाबाद स्थित गोदाम में हुए 18 करोड़ गेहूं घोटाला में पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी रामनिवास से 56 लाख रुपये की रिकवरी की है। डीएसपी चंद्रपाल ने बताया कि घोटाले के मुख्य आरापी रामनिवास से पूछताछ के बाद सोमवार को इस्माईलाबाद के गांव कुम्हार माजरा की राइस मिल की अलमारी से 56 लाख रुपये बरामद किए हैं।
मामले में अभी तक चार आरोपी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अधिकारी रामनिवास, राइस मिलर नछत्तर सिंह, चौकीदार गुरजंट व चौकीदार राजेश को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन चारों आरोपियों को रिकवरी की राशि सहित कोर्ट में पेश किया गया। जहां से इन्हें हिरासत में भेज दिया गया।
इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। डीएसपी ने बताया कि अभी जांच जारी है और इसमें बड़े खुलासे ही संभावना है।
यह है मामला
करीब दो महीने पहले इस्माईलाबाद सहित कई जगह डीएफएससी टीम द्वारा छापामारी भी की गई थी। इस्माईलाबाद में 18 करोड़ के गेहूं घोटाले को अंजाम दिया गया था। मामला उजागर होने के बाद काफी समय से जांच के लिए चंडीगढ़ की एक टीम मौके पर भी पहुंची थी।
इसमें गायब गेहूं के साथ कई क्विंटल गेहूं खराब होने का मामला भी सामने आया था। साथ ही साथ जांच कमेटी ने इन सभी के नमूने इकट्ठे किए थे। जिस पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने सात लोगों को निलंबित कर दिया था। इस मामले की जांच डीएसपी चंद्रपाल को सौंपी गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।