कुरुक्षेत्र। रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे पश्चिमी बंगाल के दो युवकों को बीस लाख रुपये की नगदी के साथ पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। इतनी भारी मात्र में नगदी रखने के बारे में दोनों युवक किसी तरह के दस्तावेज नहीं दिखा सके। दोनों के पास बरामद नगदी के संबंध में आयकर विभाग को भी जानकारी दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार सीआईए वन पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर आंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन की तरफ बैग लेकर पैदल जा रहे दो युवकों को रोका। सीआईए प्रभारी मनदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई प्रेमचंद, हवलदार सुरेंद्र और सिपाही प्रदीप सिंह की बताया कि पुलिस पूछताछ में दोनों की पहचान हब्बुफुल रहमान और सफीफुल इस्लाम पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग से छह लाख रुपये और जैकेट से सात-सात लाख रुपये बरामद किए गए। इस तरह दोनों के पास से बीस लाख रुपये बरामद हुए। दोनों ने पुलिस को बताया कि दिल्ली में उनका दफ्तर है और वो बीड़ी सप्लाई का काम करते हैं।
ये रकम बीड़ी सप्लाई की वसूली की है। अपराध शाखा-एक दोनों को हिरासत में लेकर आयकर विभाग के हवाले कर दिया। सीआईए प्रभारी ने बताया कि आरोपी उक्त राशि को लेकर कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सके तो वहीं आयकर अधिकारी रमेश सचदेवा का कहना है कि अभी मामले की जांच शुरू की गई है।