लापता युवती के भाई ने एसआई का गला पकड़कर की गाली-गलौच
-लाडवा थाना पुलिस ने एसआई की शिकायत पर किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
चार दिन पहले लापता हुई युवती के भाई के खिलाफ पुलिस ने थाने में एक एसआई का गला पकड़ कर गाली गलौच करने का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है।
गौरतलब कि जिस युवक के खिलाफ पर यह आरोप है, उसने चार दिन पहले ही थाना लाडवा में अपनी बहन की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। लापता युवती के भाई और परिवार वालों ने इस मामले में पड़ोसी गांव एक युवक शक जताया था। इस मामले में जांच अधिकारी एसआई ने दोनों पक्षों को शनिवार सुबह लाडवा थाने में बुलाया था। एसआई का आरोप है कि इस दौरान जब दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी, तब इसी दौरान लापता लड़की के उसका गला पकड़कर गाली-गलौच किया। बहरहाल लाडवा थाना के एसआई की शिकायत पर लापता लड़की के भाई के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने सहित कई अन्य कई धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
करीब चार दिन पहले गांव बनी से एक युवती गायब हो गई थी। इसकी गुमशुदगी का मामला उसके भाई की शिकायत पर दर्ज कर लिया गया था। बाद में लापता युवती के पिता व भाई ने पड़ोसी गांव बुढा के एक युवक पर युवती को लापता करने का आरोप लगाया था। शनिवार को लाडवा थाने में लापता युवती के परिजन व पड़ोसियों के अलावा गांव बुढा के लोग इस मामले में आए हुए थे। थाना परिसर में दोनों पक्षों में बातचीत के दौरान उक्त मामले के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक सुभाष चंद भी मौजूद थे। जांच अधिकारी सुभाष चंद का आरोप है कि इस दौरान लापता लड़की के भाई उसके साथ गालीगलौच करने लगा और तैश में आकर उसका गला पकड़ लिया। शोर सुनकर थाने के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जांच अधिकारी को छुड़वाया। थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि जांच अधिकारी की शिकायत पर सरकारी काम में बाधा डालने और अन्य दो धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है।