दो कारों में सवार लुटेरों ने कार में साइड से मारी टक्कर, रुपयों से भरा बैग छीनकर हो गए रफूचक्कर
- बीएड कॉलेज के पास कैथल रोड पर दिनदहाड़े हुई वारदात, पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने की जांच पड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा (कुरुक्षेत्र)। कैथल रोड पर बीएड कॉलेज के पास दिनदहाड़े कार सवार दो लोगों से दो कारों में आए लुटेरों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया। रुपये छीनने के बाद दो कारों पर सवार लुटेरे बड़े ही आराम से भाग निकले। वहीं दिन दहाड़े हुई वारदात के बाद पीड़ितों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। नाकेबंदी के बाद भी लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग सका।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि गांव कुलतारन निवासी सुरेंद्र अपने दोस्त राममेहर के साथ गाड़ी में सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान बीएड कॉलेज के पास उसके पीछे से आई दो कारों में से एक कार ने उसकी कार को साइड से टक्कर मार दी, जिससे उसकी कार का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क से नीचे जा उतरी। जब तक वह कुछ समझता दोनों कारों में सवार 7-8 लोगों ने उसकी कार को घेर लिया और उसकी कार में रखा रुपयों से भरा बैग छीन लिया, जिसमें 30 से 35 हजार रुपये थे। शिकायतकर्ता के अनुसार उक्त लोगों ने उससे कोरे कागजों पर साइन कराए और मौके से फरार हो गए। उधर, गुमथलागढू चौकी इंचार्ज अजमेर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता सुरेंद्र कुमार के अनुसार उसके भाई ने कई लोगों से उधार लिया हुआ है, जिस कारण लोग उसके घर पर भी अपनी उधार लेने के लिए आते ही रहते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।