गांव लौहारा में दो पक्षों के झगड़े में एक युवती सहित तीन घायल
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
खंड के गांव में रविवार रात को दो गुटों के बीच हुए झगड़े में एक युवती सहित दो लोग घायल हो गए। घायलों में से एक व्यक्ति को उपचार के लिए चंडीगढ़ भेजा गया है। दो घायल कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के तीन युवकों पर उनकी लड़की को जबरन उठाकर कर दुष्कर्म करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस अभी झगड़े के सही कारण की जांच कर रही है।
पुलिस को सोमवार को शिकायत देने आए पीड़ित लड़की के पिता और अन्य गांववासियों ने बताया कि रविवार को उनके परिवार में एक शादी थी। उनकी लड़की किसी काम से पड़ोस के घर में गई थी। वहां पहले से ही गांव के तीन युवक बैठे थे। लड़की के पिता ने शिकायत में आरोप लगाया कि उन युवकों ने उनकी लड़की को पकड़कर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। लड़की के शोर मचाने पर उसका भाई मौके पर पहुंचा तो आरोपी युवकों ने उसे किसी तेज धारदार हथियार से जख्मी कर डाला। इस दौरान लड़की युवकों की पकड़ से छूटकर भागी तो सिर पर ईंट लगने से वह घायल हो गई। उसके सिर और बाजू पर भी चोट लगी है। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। लड़की के पिता ने बताया कि वह अन्य परिजनों के साथ घायलों को लाडवा के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए लाए तो आरोपी युवकों ने अपने साथियों के साथ अस्पताल में पहुंच कर उन पर हमला कर दिया। उन्होंने किसी तरह अस्पताल के दरवाजे बंद कर अपनी जान बचाई। इस संबंध में लाडवा थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार देर शाम गांव लौहारा में दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है। झगड़े के कारणों का अभी पता नहीं चला है। दोनों पक्षों की शिकायत आई हैै। मामले की जांच की जा रही है। जांच में मिले दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।