दरिंदगी से नहीं, डूबने से हुई झांसा की छात्रा की मौत : एसपी
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
झांसा निवासी 10 वीं कक्षा की छात्रा से दरिंदगी नहीं हुई थी, बल्कि उसकी मौत डूबने से हुई थी। डाइटम टेस्ट, बिसरा और केमिकल रिपोर्ट आने के बाद पीजीआई रोहतक के डाक्टरों की ओपिनियन में यह स्पष्ट किया गया है। यह जानकारी एसपी ने दी है। इस बारे में पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग से बात की गई तो उन्होंने संभावना जताई है कि यह मामला सुसाइड की तरफ जा रहा है, लेकिन अभी पक्के तौर पर इसे सुसाइड नहीं कहा जा सकता, क्योंकि एसआईटी जांच में जुटी है। कोई ठोस प्रमाण मिलने पर तर्कसंगत कार्रवाई होगी।
बता दें कि 12 जनवरी को छात्रा की जींद के बुढ़ा खेड़ा में नहर किनारे लाश मिलने के बाद उसका पोस्टमार्टम पीजीआई रोहतक में हुआ था। मृतका की पहचान नौ जनवरी 2018 को कुरुक्षेत्र के गांव झांसा से लापता हुई 10 वीं कक्षा की छात्रा के रूप में हुई थी। तब पोस्टमार्टम के बाद यह बात सामने आई थी कि छात्रा के साथ दरिंदगी हुई थी। छात्रा से हुई दरिंदगी की बात फैलते ही यह मामला सुर्खियों में रहा। 14 जनवरी 2018 को कुरुक्षेत्र में इस मामले को लेकर मृतका के परिजनों, रिश्तेदारों और कुछ राजनैतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार के लिए कुछ डिमांड रखी थीं। इन डिमांड के पूरी होने से पहले छात्रा का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया गया था। कुरुक्षेत्र एलएनजेपी अस्पताल के पोस्टमार्टम हाऊस के बाहर उक्त मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की सहायता राशि देने,परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की डिमांड रखी थी। 14 जनवरी को सुबह से देर शाम तक कुरुक्षेत्र के एसपी अभिषेक गर्ग और अन्य अधिकारी एलएनजेपी के बाहर भारी पुलिस बल के साथ डटे रहे थे। इसके बाद राज्यमंत्री कृष्ण बेदी मौके पर पहुंचे थे और दो चरणों में हुई बात के बाद देर शाम को सहमति बनने के बाद ही मृतका छात्रा का शव अंतिम संस्कार के लिए गए थे। राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की थी। छात्रा का टाइटम टेस्ट, बिसरा और केमिकल रिपोर्ट पिछले दिनों एसआईटी को मिल चुकी है। फाइनल रिपोर्ट के लिए चिकित्सकों का ओपिनियन अभी लिया जाना था। इसकी रिपोर्ट सोमवार को कुरुक्षेत्र पुलिस के पास पहुंच चुकी है।
ये है मामला
नौ जनवरी की शाम को करीब चार बजे गांव झांसा वासी 10 वीं कक्षा की एक छात्रा कोचिंग सेंटर के लिये घर से निकली थी। इसके बाद गायब हो गई थी। परिजनों ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया था। पुलिस ने जांच शुरू की तो पुलिस को पता चला कि जिस स्कूल में छात्रा पढ़ती थी, उसी स्कूल का 12 वीं कक्षा का छात्र गुलशन भी गायब है। पुलिस ने उसके परिजनों से पूछताछ की, मगर कोई सुराग नहीं लगा। 12 जनवरी को जींद के बुढ़ा खेड़ा में नहर के किनारे एक शव मिला। अगले दिन इस शव की शिनाख्त झांसा से लापता छात्रा के रूप में हुई थी। तब से पुलिस ने मुख्य संदिग्ध गुलशन की तलाश में कई जगहों से परिजनों और उसके दोस्तों की धरपकड़ कर पूछताछ की थी। 16 जनवरी को झांसा से करीब 28 किलोमीटर दूर गुलशन की लाश भी नहर से बरामद हो गई।
दोनों के शव में मिला नरवाना ब्रांच नहर का पानी
पीजीआई रोहतक के डाक्टरों की फाइनल ओपिनियन सोमवार को मिलने के बाद जिला पुलिस को पता चला है कि छात्रा की मौत डूबने से हुई है। उसके शरीर पर जो घाव मिले हैं, वे मौत के बाद के हैं। रिपोर्ट में छात्रा और छात्र के शरीर से मिले पानी के सैंपल भी नरवाना ब्रांच के ही निकले हैं। एसआईटी को मिली जानकारी के अनुसार छात्रा के शरीर के निजी अंगों पर भी जो घाव थे। वो मौत के बाद के बताये जा रहे हैं। पीजीआई के पैनल के ओपिनियन के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया।