अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा। एक दिन पहले ही बाबैन क्षेत्र के गांव रूड़की में आयोजित एक शादी समारोह के तहत जागो कार्यक्रम में फायरिंग के बाद अगले दन रविवार रात को लाडवा के एक मैरिज पैलेस में विवाह की रिसेप्शन में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मेहमान ने हर्ष फायरिंग कर दी। इसमें दो मेहमान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस ने फायरिंग के आरोपी व मैरिज पैलेस के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
लाडवा-रादौर रोड स्थित निजी पैलेस में रविवार रात गांव खानपुर जिला करनाल निवासी जगतार सिंह के विवाह की रिसेप्शन पार्टी थी। पार्टी में आए मेहमान जितेंद्र सिंह निवासी पिहोवा रोड कुुरुक्षेत्र ने अपनी 315 बोर की राइफल से फायरिंग कर दी, जिससे एक गोली गांव समालखा लाडवा निवासी सुखदेव उर्फ लल्ला के पेट को चीरती हुई पास खड़े सुमित निवासी जालखेड़ी बाबैन के पेट में जा लगी। गोली लगने से समारोह में अफरातफरी फैल गई। आननफानन में दोनों घायलों को कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन कर सुमित के पेट में धंसी गोली निकाल दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सुखदेव सिंह के रिश्तेदार सुखविंद्र सिंह की शिकायत पर जितेंद्र सिंह के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश के मुख्य सचिव के निर्देशानुसार सभी मैरिज पैलेसों के संचालकों को समारोह के दौरान शस्त्र लाने व फायरिंग न करने के बारे में हिदायत दे रखी है। आदेश की पालना न करने वाले पैलेस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नही हुई है।
बॉक्स
एक दिन पहले ही गांव रूड़की में शादी समारोह के बाद जागो कार्यक्रम में हुई थी फायरिंग
एक दिन पहले ही गांव रुड़की में शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक सेवानिवृत फौजी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। गोली 15 वर्षीय दमन सिंह को जा लगी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया,आनन फानन में उसे पास के ही एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत होने के चलते उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। अभी पुलिस इस घटना की जांच में जुटी है।