पंजाब से अवैध रूप से लाई जा रही 400 पेटी शराब बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
पंजाब से अवैध रूप से शराब लाकर हरियाणा में बेची जा रही है। पुलिस ने सूचना के आधार पर एक कैंटर को पकड़ कर उससे शराब की 400 पेटी बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से कैंटर में सवार दो लोगों को भी काबू किया है।
ईएचसी ऋषिपाल अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी बीच सूचना मिली कि सोनीपत खरखौदा निवासी नंद किशोर और प्रदीप कुमार कैैंटर लेकर आ रहे हैं। दोनों ट्रक मालिक लीला प्रधान के साथ मिलीभगत कर राजपुरा पंजाब से नकली बिल्टी और कागजात से शराब लाकर हरियाणा में बेचते हैं। आज भी यह कैंटर में शराब लाद कर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने साहा चौक पर ओवरब्रिज पर नाका लगाया और वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी बीच तिरपाल से ढके कैंटर को रोका गया। उसकी जांच की तो उसमें से 400 पेटी शराब बरामद हुई। मांगने पर दोनों इसके कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।