हत्यारों की गिरफ्तारी पर ही करेंगे रवि का दाहसंस्कार
लाडवा। विकास नगर कालोनी के एक खाली प्लाट में सोमवार को मिले अधजले शव की पहचान रवि पुत्र धर्मबीर के रूप में हुई है। मृतक गत शुक्रवार रात्रि घर से गायब था और वह लाडवा के वार्ड नंबर 6 की विकास नगर कालोनी का ही रहने वाला था। मृतक की परिजनों की ओर से शिनाख्त के बाद मंगलवार को मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव का दाहसंस्कार करने से मना कर दिया। मृतक युवक का शव शमशानघाट में अंतिम संस्कार होने के लिए रखा हुआ है। मृतक के परिजनों को मनाने में थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर निर्मल कुमार पुलिस टीम के साथ शमशान घाट में पहुंच गए, लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं थे। अंतिम संस्कार न करने पर अड़े मृतक के भाई दीपू व माता संतोष सहित जीतो देवी, बंतो देवी, आशा, सरोज, सीमा, शीला, भारत, शुभम, राजेंद्र, जगमोहन, जयपाल, दीपक आदि ने कहा कि रवि की हत्या की गई है। जब तक पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार नहीं करती वह संस्कार नहीं करेंगे। मृतक रवि के भाई दीपू और माता संतोष ने बताया कि वह लाडवा अनाज मंडी में ही एक चाय की दुकान पर लगा हुआ था और शुक्रवार रात्रि से गायब था। उन्होंने कालोनी के ही चार युवकों पर शक जाहिर किया जो उसके दोस्त थे और उसके साथ ही रहते थे। उन्होंने कहा कि उस दिन भी वह रवि के साथ ही थे। यदि उनसे सख्ती से पूछताछ की जाए तो मामला सामने आ सकता है। उन्होंने कहा कि जब तक दोषी गिरफ्तार नहीं होते तब तक वह अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर निर्मल कुमार, सब इंस्पेक्टर धनपत सिंह, पूर्व पार्षद रमेश पंडित, वार्ड 6 के पार्षद प्रदीप कुमार ने परिजनों को आश्वासन देते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मामले की निष्पक्ष जांच होगी ओर जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजन अड़े हुए थे और अंतिम संस्कार नहीं किया गया था। जब इस संबंध में लाडवा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर निर्मल कुमार ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी। जो भी इसमें दोषी होगा उसे किसी भी सुरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतक रवि का पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआई के डॉक्टरों के पैनल ने किया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चला है। मृतक के दोस्तों पर शक जाहिर करने पर उन्होंने कहा कि परिजनों की संतुष्टि के लिए चारों दोस्तों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पूछताछ के बाद ही कुछ कहां जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्देशों को सजा नहीं दी जाएगी। मामले की बारीकी से जांच होगी। जांच के बाद जो दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।