लाडवा (कुरुक्षेत्र)। अनाजमंडी के आढ़ती विनोद गर्ग के अपहरण के बाद पुलिस ने एक दिन के भीतर ही उसे हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पवांटा साहिब गुरुद्वारे से छुड़ाया। हालांकि दो दिन बाद उसी व्यापारी को हिमाचल प्रदेश पुलिस महिला से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
मालूम हो कि लाडवा के आढ़ती विनोद गर्ग का वीरवार की रात अपहरण हो गया था। अपर्ह्ताओं ने 5.50 लाख की फिरौती मांगते हुए परिजनों को हिमाचल प्रदेश के पवांटा साहिब बुलाया था। लाडवा पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए पवांटा साहिब गुरु द्वारे से व्यापारी को शुक्रवार को छुड़ा लिया था। इसके अलावा फिरौती की रकम और दोनों अपर्ह्ताओं को गिरफ्तार भी कर लिया था।
वहीं, शनिवार को हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पवांटा साहिब थाने की पुलिस यहां लाडवा पहुंची और बिनोद गर्ग को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। जानकारी के अनुसार पंजाब के मोहाली की एक महिला ने पुलिस थाना माजरा में विनोद गर्ग पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया। महिला का आरोप है कि विनोद से फेसबुक पर दोस्ती हुई। इसके दौरान उसने नौकरी लगवाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि विनोद गर्ग के बुलाने पर वह 2 मई को मोहाली से यमुनानगर पहुंची। यहां से विनोद उसे लेकर पांवटा साहिब के समीप माजरा ले आया। वहां माजरा के एक होटल में 2 मई वीरवार उसने उसके साथ रेप किया। इसके बाद वो लाडवा चला गया।
महिला ने अपने दोस्त रणदीप सिंह निवासी बांगरण चौक बाईपास पांवटा साहिब जिला सिरमौर के साथ मिलकर तीन मई को आढ़ती विनोद गर्ग को फोन करके साढे़ पांच लाख रुपये फिरौती मांगी और रुपये लेकर पांवटा साहिब बुलाया। इस दौरान विनोद गर्ग किसी को कुछ बताए बिना वीरवार को पावंटा साहिब पहुंचकर महिला से मिला तो महिला और उसके दोस्त रणबीर ने उससे रुपये मांगे तो उसने कहा कि रुपये उसके पास नही है और वह अपने परिजनों से रुपये मंगाएगा।
वीरवार को जब रात तक विनोद गर्ग घर नहीं आया तो उसके परिजनों ने लाडवा पुलिस थाना में विनोद गर्ग के गुमशुदा होने की तहरीर दी। वीरवार रात को विनोद गर्ग ने घर बात कर परिजनों को साढे़ 5 लाख रुपये देने की बात की तो उन्होंने पुलिस के सामने यह बात रखते हुए उसके अपहरण किए जाने व फिरौती मांगे जाने की आशंका जताई। लाडवा पुलिस ने अपहरण और फिरौती का मामला दर्ज कर एक योजना बनाकर फिरौती देने को प्लान तैयार किया।
लाडवा पुलिस व सीआईए वन के कर्मी सादी वर्दी में विनोद गर्ग के परिजनों को साथ लेकर दो गाड़ियों के साथ पांवटा पहुंचे। परिजनों से साढे़ पांच लाख रुपये लेकर रणबीर और उसका साथी भाग रहे थे, तो उनकी कार अनियंत्रित होकर गांव सुरजपुर के पास कार पेड़ों से जा टकराई और पुलिस ने घायल अवस्था में दोनों को काबू करके सिविल अस्पताल में भर्ती करवा दिया। एक दिन की खामोशी के बाद रविवार सुबह महिला ने हिमाचल प्रदेश के माजरा पुलिस थाने में अपने साथ हुए दुष्कर्म की शिकायत माजरा पुलिस में दर्ज करवाई। माजरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को लाडवा से विनोद गर्ग को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, इस संबंध में लाडवा डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि परिजनों ने अपहरण का मामला दर्ज कराया था। उनकी रिपोर्ट पर पुलिस ने व्यापारी को छुड़ाया और फिरौती की रकम भी बरामद कर ली। हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा आढ़ती की गिरफ़्तारी के मसले पर वह कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।