अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। बैंक मैनेजर सोमवार या मंगलवार को वेरिफिकेशन करने पहुंचेंगे। अपने-अपने खाते में 20 हजार या इससे अधिक राशि रखना। यह कहकर निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मियों ने पहले अकाउंट में पैसे डालने को मजबूर किया और फिर इन्हीं में सेंध लगा दी।
सोमवार को पीड़ित लोगों ने एसपी कार्यालय पर रोष जताया और लिखित शिकायत भी एसपी को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि झांसा रोड स्थित निजी फाइनेंस कंपनी पर ठगी करने के आरोप लगाते हुए रविवार को भी दर्जनों लोग कृष्णा गेट पुलिस चौकी में पहुंचे थे। पीड़ित गांव किरमिच निवासी सुनील दत्त, सुरजभान, हरनाम सिंह, चरणजीत, पप्पू वर्मा, अमित, दिनेश, कुलदीप, सीमा सहित दर्जनों लोगों ने आरोप लगाते हुए बताया कि कंपनी ने सस्ती दरों पर हाउस, कृषि, प्रोजेक्ट आदि के लिए लोन देने का झांसा दिया था। कंपनी के कर्मियों ने गांव-गांव जाकर कैंप भी लगाए। लोगों ने बहकावे में आकर आवेदन कर दिए। सैकड़ों लोगों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक अकाउंट की प्रति व कैंसल्ड चेक भी लिए और एटीएम स्कैन किए। इसके बाद उनके पास फोन किए गए कि सोमवार या मंगलवार को बैंक मैनेजर लोन मामलों की वेरिफिकेशन के लिए पहुंचेंगे। इसलिए खाते में कम से कम 20 हजार रखने होंगे। 20 दिसंबर के बाद सभी के बैंक अकाउंट में लोन की राशि पहुंच जाएगी। रविवार को उनके खातों से राशि काटे जाने के मैसेज मोबाइल पर आया। इसके बाद उन्हें फर्जीवाड़े का अहसास हुआ। रविवार को वे कंपनी के ऑफिस पहुंचे तो यहां ताला लटका मिला और मोबाइल नंबर बंद मिले।
शिकायत एसपी कार्यालय में दी, जल्द की जाएगी कार्रवाई : सेवा सिंह
कृष्णा गेट चौकी प्रभारी सेवा सिंह का कहना है कि पीड़ितों ने एसपी कार्यालय में शिकायत दी है। इसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों का सुराग लगा लिया जाएगा।