लाडवा । घर के सभी लोग बरात में शामिल होने गए। इतनी जानकारी पर चोरों ने बड़ा हनुमान मंदिर के पास एक घर को निशाना बनाते हुए सवा लाख के जेवर समेत करीब डेढ़ लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। दूसरे दिन घर पहुंचने पर चोरी की घटना का पता चला। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। इसी गली में सात दिन पूर्व चोरों ने कृ ष्ण गोपाल के मकान में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। अभी उस घटना का भी खुलासा नहीं हुआ है।
लाडवा के वार्ड आठ के बड़ा हनुमान मंदिर के पास चोरों ने रणबीर सिंह के मकान को निशाना बनाया। चोरों ने यहां से करीब 17 हजार रुपये नकदी व सवा लाख रुपये के सोने के गहने चोरी कर लिए। पीड़ित गृहस्वामी रणबीर सिंह ने बताया कि वह लड़के आशीष के दोस्त की शादी में रादौर गए थे और वहां से रात पौने बारह बजे घर वापिस आये। घर पहुंचने पर मुख्य द्वार के ताले टूटे हुए थे। घर के अंदर नीचे के दो कमरों के ताले भी टूटे हुए थे जबकि ऊपर की मंजिल के कमरे का भी ताला टूटा था । अलमारियां का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोर अलमारियों में रखी सोने की चेन, दो अंगूठियां, चार बालियां, चांदी की पाजेब, सिक्के और 17 हजार रुपये चोरी कर लिए। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि रविवार 10 फरवरी की रात को भी इसी गली में चोरों ने कृष्ण गोपाल के घर पर उस समय लाखों रुपये की चोरी की थी जब पूरा परिवार अपने बेटे की बारात लेकर एक होटल में गया था।