कंप्यूटर ऑपरेटर के तीन ऑडियो ने मचाया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा ।
लाडवा में मंगलवार को लगातार वायरल तीन ऑडियो ने हंगामा मचा दिया है। वायरल हुई तीनों ऑडियो नगर पालिका के एक पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर प्रवीण कुमार व पालिका सचिव हरिओम कांबोज के बीच हुई बातचीत की है, जिसमें स्थानीय विधायक के नौकरियां लगाने व हटाने में दखल का भी स्पष्ट हवाला है।
प्रवीण कुमार पहले अनुबंध के आधार पर नपा में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था, लेकिन उसे करीब छह माह पहले हटा दिया गया था। एक ऑडियो में प्रवीण कुमार व नगर पालिका सचिव हरिओम कंबोज की बात हो रही है, जिसमें नपा सचिव ने प्रवीण कुमार से कहा कि एमएलए ने अपना आदमी भेजा था। प्रधान वहीं बैठा हुआ था। उसने एमएड की हुई है। अभी तो मैंने डीआईओ को भेजकर टाल दिया है सोमवार तक। उसका नाम राजेंद्र सैनी है और बाबैन साइड के किसी गांव का है। आप एमएलए से बात कर लो, नहीं तो काम खराब हो जाएगा। दूसरी ऑडियो में भी नपा सचिव कंप्यूटर ऑपरेटर से बातचीत कर रहे हैं और उसे एमएलए द्वारा हटाकर भेजे गए अपने आदमी को लगाने की बात कह रहे हैं। वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर ने नपा सचिव से कहा कि वह मानसिक रूप से परेशान हो चुका है। यदि उसे ज्यादा परेशान किया तो वह अपने परिवार सहित गोली खाकर आत्महत्या कर लेगा। यदि मेरा कोई कसूर हो तो मुझे विधायक से कह कर बाहर निकाल दो।
तीसरी ऑडियो में भी प्रवीण किसी एक आदमी से बात कर रहा है, जिसमें वह आदमी विधायक का धमकी भरा फोन आने की बात कह रहा था। चोरी का केस बनाओ, राजेंद्र लगेगा। मैंने बोल दिया है कि मेरा कोई रोल नहीं है। सेक्रेटरी ही करेगा। वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर अपने हक की लड़ाई लड़ने की बार-बार बात कर रहा है। ऑडियो में गैर कानूनी काम करवाने की बात भी कहीं जा रही है। कंप्यूटर ऑपरेटर बार-बार विधायक का नाम ले रहा है। बिना कसूर उसको बाहर निकाला जा रहा है। इससे पहले भी लाडवा विधायक के नजदीकियों की दो ऑडियो वायरल होने की भी चर्चा रही, लेकिन मंगलवार को रिलीज की गई इन लगातार तीन ऑडियो ने लोगों में यह चर्चा छेड़ दी है कि भाजपा सरकार में सब कुछ पारदर्शी है। चाहे अवैध लेनदेन ही क्यों न हो।
इंसाफ के लिए खटखटाया न्यायालय का दरवाजा
जब इस बारे में सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल करने वाले प्रवीण कुमार से बात की गई तो उसने बताया कि वह लाडवा नगर पालिका में कंप्यूटर ऑपरेटर था। विधायक ने अपने चहेते राजेंद्र सैनी को लगवाने के लिए उसे हटाया है, जबकि उसका कोई कसूर नहीं है। उसे झूठे केसों में फंसाने के लिए लाडवा थाने में भी झूठी शिकायतें दी हुई हैं। इंसाफ के लिए उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
नहीं है मेरा कोई लेना-देना : विधायक
जब इस बारे में हलका विधायक डॉ. पवन सैनी से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। न ही उन्होंने उसे नौकरी से हटाया है और न ही उसका कोई उससे लेना-देना है।
नहीं उठाया फोन
जब इस बारे में लाडवा नगर पालिका सचिव हरि ओम कंबोज से फोन पर बातचीत करनी चाही तो उन्होंने फोन ही नहीं उठाया। बार-बार संपर्क करने के बाद नपा सचिव से बात नहीं हो पाई।