लाडवा। बस अड्डे के समीप गुरुद्वारा वाली गली के सूने पड़े घर के मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे चोरों ने कीमती जेवर, नगदी, लैपटॉप व कीमती कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। सुबह पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा देखकर मकान मालिक को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की पर चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका।
गुरुद्वारा वाली गली निवासी प्रेम कुमार अरोड़ा ने बताया कि घर पर ताला लगाकर उनका पूरा परिवार 22 मार्च को संगत के साथ पंजाब के धार्मिक स्थल ब्यास डेरा गए हुए थे। इसी बीच 24 मार्च की सुबह उनके पड़ोसियों को घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ दिखाई दिया। पड़ोसियों की सूचना पर वह सपरिवार वापस लौट आए । घर के भीतर जाने पर उनको कमरे में रखी अलमारी टूटी हुई मिली। अलमारी में लगा लाकर भी टूटा हुआ मिला। अरोड़ा के अनुसार अलमारी के लॉकर में 2.50 लाख रुपये की ज्वैलरी, 20 हजार रुपये की नकदी, एक लैपटॉप व कीमती कपड़े गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी । पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। जांच अधिकारी महमा सिंह के अलावा फोरेंसिक टीम भी पहुंची और घटना स्थल से फिंगर प्रिंट नमूने लिए। प्रेम सिंह ने घटना को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी तो वहीं पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले सूने घर के बारे में जानते थे ।