थाना सदर के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव खानपुर कोलियां के समीप पिस्तौल के बल पर छह युवक ने एक ट्रक चालक से आठ लाख रुपये की पेमेंट व ट्रक छीन लिया। आरोपित चालक व परिचालक को रास्ते में उतार कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोनीपत के सेक्टर-23 निवासी कृष्ण ने थाना सदर में शिकायत दर्ज कराई कि 13 अगस्त की रात को उसने चालक गोहाना निवासी अमित कुमार व सह चालक विनोद कुमार को एक पैकेट में आठ लाख रुपये अखबार में लपेट कर टैप लगा कर लुधियाना से सोया लाने के लिए दिए थे। इसके अलावा साढ़े 11 हजार रुपये गाड़ी के खर्च के लिए दिए। रात 11 बजे चालक अमित कुमार ने उसके मोबाइल पर फोन किया कि जीप सवार छह युवकों ने पिस्तौल के बल पर ट्रक को रोका। पहले उन युवकों ने कागज मांगे और फिर चालक व सहचालक को जीप में बैठा लिया। युवकों में से दो युवक ट्रक को लेकर चले गए। चालक व सहचालक को युवकों ने शाहाबाद से बराड़ा रोड पर लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर उतार कर खेतों में छोड़ दिया। आरोपितों ने उन्हें कहा कि अगर वे रुके तो गोली मार देंगे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ लूट व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।