10 साल के बच्चे को स्कूल से उठाया और नहर के किनारे फोटो खींचने के बहाने उसे नहर में धकेल दिया था, रविवार को शव बरामद हुआ। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में राजकीय स्कूल मिर्जापुर से सात दिन पहले किडनैप हुए छात्र अमृत का शव रविवार को करनाल सीमा में बटहेड़ा साइफन से बरामद हो गया।
विज्ञापन
आरोपी जस्सा ने नहर के किनारे फोटो खींचने के बहाने 10 वर्षीय छात्र को धकेल दिया था। पुलिस प्रशासन सहित गोताखोर गत छह दिनों से नरवाना ब्रांच में अमृत को ढूंढने के लिए सर्च अभियान चला रहे थे। रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पहरे पर बैठे परिजनों ने बटहेड़ा साइफन पर अमृत का शव तैरता दिखाई दिया।
उधर, इसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हलचल शुरू हो गई। मौके पर पहुंचे डीएसपी, सीन ऑफ क्राइम की टीम और करनाल पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। सोमवार को चिकित्सकों के पैनल द्वारा अमृत के शव का पोस्टमार्टम होगा।
विज्ञापन
अमृत के शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव दयालपुर के बाजीगर डेरा में मातम पसर गया। अमृत की फोटो देख मां बिलख-बिलखकर रो रही थी तो तबीयत बिगड़ने पर बार-बार बेहोश हो रही थी। डेरावासी परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हुए थे, लेकिन वे खुद भी स्वयं को रोक नहीं पा रहे थे। पीड़ित परिजनों ने आरोपी जस्सा व उसकी प्रेमिका के खिलाफ सख्त सजा की मांग की है।
प्रेमिका के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था
मालूम हो कि 3 जनवरी सुबह पौने नौ बजे कक्षा चौथी के 10 वर्षीय छात्र गुरमीत उर्फ अमृत को उसके दादा देवीदयाल गांव मिर्जापुर स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला के गेट पर छोड़ कर गए थे, लेकिन इस वक्त अमृत ने दुकान से चीज लाने की बात कहकर छोटे भाई गुरचरण को बैग थमाकर क्लास में भेज दिया था। अपने भाई अमृत को स्कूल में न देख करीब आधे घंटे बाद जैसे ही गुरचरण रोने लगा, तब जाकर स्कूल स्टाफ को पता चला कि अमृत कहीं लापता हो गया है, जिसके बाद स्कूल स्टाफ ने अमृत के परिजनों को इसकी सूचना दी थी।
परिजनों एवं स्कूल स्टाफ ने आसपास सर्च अभियान भी चलाया था, लेकिन अमृत का कहीं पता नहीं चला तो परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को सौंपी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्कूल के करीब 400 मीटर की दूरी पर एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो सामने आया कि अमृत पंजाब के समाना निवासी अक्षय उर्फ जस्सा के साथ उसकी बाइक पर बैठकर जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी जस्सा को मंगलवार शाम को काबू किया था।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि अमृत ने आरोपी जस्सा को उसकी प्रेमिका के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात को छुपाने के लिए जस्सा ने अमृत को किडनैप किया और नरवाना ब्रांच में फेंक दिया था, लेकिन जस्सा ने पूछताछ के दौरान पुलिस को कई बार गुमराह किया और पहली बार पूछताछ पर अमृत को एसवाईएल नहर में फेंकने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस रिमांड पर जस्सा ने खुलासा किया था कि उसने अमृत को नरवाना ब्रांच में फेंक दिया था।
तभी से जिला पुलिस गोताखोर परगट सिंह सहित अन्य गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च अभियान चला रही थी। हालांकि मामले की गहनता से जांच करने के लिए पुलिस ने जस्सा और उसकी प्रेमिका को हिरासत में लेकर चार व दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था, जिसके बाद आरोपी युवती को जिला कारागार भेज दिया था। वहीं जस्सा को लगातार चार दिन तक पुलिस रिमांड पर लिया गया, लेकिन जस्सा ने रिमांड के दौरान किसी भी नई बात का खुलासा नहीं किया।
अगस्त 2019 में जस्सा पहली बार आया था डेरे में
जानकारी अनुसार आरोपी जस्सा पहली बार अगस्त 2019 में बाजीगर डेरे में आया था। इस दौरान डेरे में एक जागरण का आयोजन किया गया था, जिसमें जस्सा की मित्रता डेरे की एक 22 वर्षीय युवती से हो गई। इसके बाद जस्सा लगातार युवती से फोन के माध्यम से संपर्क में रहा और बार-बार उससे मिलने के लिए भी आता रहा।
जनवरी 2020 में युवती के दादी का देहांत हो गया, जिसके अंतिम भोग में जस्सा आया और करीब तीन दिन गांव में रुका। इसी दौरान जस्से की अमृत के पिता सोमनाथ से हाथापाई हुई थी, जिसके चलते वह अमृत से रंजिश रखने लगा था।
फोटो खींचने के बहाने नहर में छात्र को दिया था धक्का
आरोपी जस्सा ने छात्र अमृत को नहर किनारे खड़ा कर फोटो खींचने के बहाने धक्का दे दिया था। जब वह नहर में डूबने लगा तो वह उसे छोड़कर भाग गया। धक्का देने की बात का खुलासा आरोपी ने पुलिस रिमांड के दौरान किया था।
जस्सा की प्रेमिका को सोमनाथ ने घर आने को किया था मना
बताया गया है कि जस्सा की प्रेमिका छात्र अमृत के पिता सोमनाथ की रिश्ते में बहन लगती है और उसका रोजाना छात्र के घर आना जाना था। जब सोमनाथ को उसके व जस्से के प्रेम प्रसंग के बारे में पता चला तो उसने युवती को फटकार लगाई और उसे अपने घर में आने-जाने से भी साफ मना कर दिया था।
पिता समेत 10 लोग छह दिन से दे रहे थे पहरा
नरवाना ब्रांच के बटहेड़ा साइफन पर छात्र के पिता समेत 10 लोग पिछले छह दिनों से पहरा दे रहे थे। इससे पहले गोताखोरों ने छात्र की तलाश में मुनक तक सर्च अभियान चलाया था। रविवार को दोपहर साढ़े 12 बजे बटहेड़ा साइफन पर बच्चे की शव तैरता नजर आया, जिसे गोताखोर नहर के किनारे पर लेकर आए और पुलिस को सूचित किया।
चार दिन के रिमांड पर कई बार हुआ जस्से का मेडिकल
आरोपी जस्से का चार दिन के रिमांड पर छह बार मेडिकल हुआ। चिकित्सकों के मुताबिक जस्से की इसीजी कवर नहीं हो पा रही थी। रिमांड पर जस्से की सांसे फूलने लगती थी, इसलिए उसे रोजना मेडिकल जांच के लिए एलएनजेपी अस्पताल में लाया जाता रहा।
दो दिन और बढ़ाया पुलिस रिमांड: डीएसपी
डीएसपी अजय राणा ने कहा मामले में आरोपी को चार दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे दो दिन के और रिमांड पर लिया गया है। वहीं छात्र का शव करवान सीमा से बरामद हुआ है, जिसका पोस्टमार्टम करनाल पुलिस ही कराएगी और रिपोर्ट कुरुक्षेत्र पुलिस को सौंपेगी।
सोमवार
-सुबह नौ बजे छात्र का अपहरण हुआ
-सवा नौ बजे आरोपी ने छात्र को नहर में धकेल दिया मंगलवार
- पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
- छात्र की तलाश में नहर पर सर्च अभियान शुरू हुआ। बुधवार
- कार्रवाई करते हुए आरोपी की प्रेमिका को लिया हिरासत में
- दोनों को लिया 4 व 2 दिन पुलिस रिमांड पर। वीरवार
- रिमांड खत्म होने पर प्रेमिका को भेजा जेल
- छात्र की तलाश में नहर में 36 किलोमीटर तक चला सर्च अभियान शुक्रवार
- छात्र की तलाश में गांव बटेड़ा तक चला सर्च अभियान शनिवार
- नहर में मुनक तक चला सर्च अभियान रविवार
- दोपहर साढ़े 12 बजे बटहेड़ी साइफन से बरामद हुआ छात्र का शव