कुरुक्षेत्र। ऑस्ट्रेलिया स्टडी स्पाउस वीजा दिलवाने के नाम पर एक पीटीई करवाने वाले सेंटर संचालक ने दंपती से साढ़े तीन लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने वीजा दिलवाने से पहले शिकायतकर्ता की पत्नी को दोबारा पीटीई करवाई और करीब 32 लाख में ऑस्ट्रेलिया भेजने का वादा किया। आरोपी की ओर से पहले ली हुई रकम की गारंटी में दिया हुआ चेक भी बैंक में बाउंस हो गया।
लाडवा निवासी सचिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने के लिए जाना चाहते थे। इस बीच उन्होंने आरोपी अरुण की फर्म का मोबाइल में एक विज्ञापन देखा और फोन कर सारी बात बताई। इसके बाद आरोपी के कार्यालय में जाकर दस्तावेज दिए। आरोपी ने दस्तावेज देखने के बाद दोबारा पीटीई करने की सलाह दी और अपने सेंटर पर ही उनकी पत्नी का दोबारा कोर्स करवाया। इस बार शिकायतकर्ता की पत्नी ने अपना स्कोर 52 की जगह 58 प्राप्त कर लिया।
जून 2025 में आरोपी अरुण ने तीन माह में दोनों को ऑस्ट्रेलिया भेजने का दावा किया। शिकायतकर्ता की पत्नी के पिता के नाम पर एक नया खाता खुलवाकर उसमें साढ़े तीन लाख रुपये जमा करने को कहा और बाकी 28 लाख रुपये खुद जमा करने का वादा किया। आरोपी ने इस खाते का सारा कंट्रोल अपने हाथ में लिया और अगले दिन आरोपी ने सारे रुपये निकलवा लिए। इस बारे में जब आरोपी से बात की गई तो आरोपी ने शिकायतकर्ता को 28 लाख रुपये का चेक दिया।
2 जनवरी तक आरोपी ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया नहीं भेजा तो उन्होंने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने मना कर दिया। इसके बाद आरोपी की ओर से दिया गया चेक भी बैंक में बाउंस हो गया। दोबारा बातचीत करने पर आरोपी मुकर गया और धमकी देने देने लगा।