संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। डेरा रामपुरा निवासी एक युवक ने एक दंपती पर इटली भेजने के नाम पर 12.35 लाख की ठगी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने डेरा रामपुरा निवासी अर्जुन सिंह की शिकायत पर आरोपी दंपति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दंपति युवक को दो साल तक वीजा लगवाने का झांसा देते रहे। बाद में न वीजा आया न ही आरोपियाें ने रुपये वापस किए।
डेरा रामपुरा निवासी अर्जुन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे अभिमन्यु को विदेश भेजना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने अपने डेरे में रहने वाली आरोपी मंजू रानी की बहन के माध्यम से आरोपी मंजू व उसके पति नरेंद्र से संपर्क किया। दोनों ने उन्हें अभिमन्यु को इटली में सेटल करने का लालच दिया। तीन मार्च 2023 को उन्हाेंने फाइल खर्च के नाम पर 35 हजार रुपये उनसे ले लिए। इसके बाद वीजा लगवाने का भरोसा देकर आरोपियों ने 24 जनवरी 2024 को मंजू रानी के खाते में आठ लाख रुपये आरटीजीएस कर दिए और नरेंद्र को चार लाख रुपये नकद दे दिए। इस तरह उन्हें झांसे देते हुए अलग-अलग किस्तों में उनसे कुल 12.35 लाख रुपये की ठगी की।
एक साल से अधिक समय बीतने पर उन्हें वीजा नहीं मिला तो उन्होंने आरोपियों से अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे। पुलिस को शिकायत की धमकी पर देने पर उन्होंने जुलाई-अगस्त 2024 में चार किस्तो में 3.71 लाख रुपये लौटा दिए लेकिन 8.64 लाख रुपये अभी बकाया हैं। अर्जुन ने कहा कि उन्होंने ब्याज पर उधार लेकर भुगतान किया था। दो वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी न वीजा मिला और न ही पूरी राशि वापस की गई। थाना सदर थानेसर में मंजू रानी और नरेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आर्थिक अपराध सेल मामले की जांच कर रही है और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।