कुरुक्षेत्र। लोकसभा चुनाव-24 की मतगणना कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच संपन्न हुई। जिला पुलिस की ओर से सुरक्षा के लिहाज से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (कुवि) में तीन लेयर बनाई गई थी। मतगणना से पहले जिलाधीश शांतनु शर्मा ने दोनों मतगणना केंद्र में व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने पूर्व संध्या पर ही कुवि के थर्ड गेट से प्रवेश बंद कर दिया था। सुबह सिर्फ दूसरे गेट से ही प्रवेश दिया गया।
इस गेट के बाहर भी पुलिस नाका लगाया गया था, जहां पूरी जांच पड़ताल और आई-कार्ड के साथ प्रवेश दिया था। पुलिस ने जवानों ने सुबह करीब छह बजे ही अपनी ड्यूटी संभाल ली थी। मतगणना केंद्र से 100 मीटर पहले पुलिस नाके लगाए गए थे, जहां पुलिस के साथ होमगार्ड के जवान तैनात रहे। इसके अलावा कुवि में 12 अलग-अलग जगह पुलिस नाके लगाए गए हैं। मतगणना केंद्र पर अर्धसैनिक बल, हरियाणा सशस्त्र बल पुलिस और सीआईएसएफ के जवानों का पहरा रहा। मतगणना केंद्रों के बाहर ही स्टॉल स्थापित किए थे, जहां पर एजेंटों के मोबाइल, पेन, इलेक्ट्रॉनिक यंत्र और पर्स जमा कराए गए थे।
वहीं मतगणना केंद्र में प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर लगाए थे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की एक टुकड़ी को रिजर्व रखा गया था। मतगणना के दौरान कुवि परिसर में चीता राइडर्स भी गश्त करते रहे। उधर, राजनैतिक दल के कार्यकर्ताओं को कुवि में प्रवेश नहीं करने दिया गया। हालांकि प्रत्याशी मतगणना केंद्र पर पहुंचे थे।