शाहाबाद। पार्षदों व बीएलए की बैठक लेते हुए एसडीएम शंभू राठी। विज्ञप्ति
शाहाबाद। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासन ने अब पार्षदों और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का सहयोग भी मांगा है। मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में आयोजित बैठक में एसडीएम शंभू राठी ने पार्षदों और बीएलए को अभियान की जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
एसडीएम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग का महत्वपूर्ण अभियान है, जिसके तहत मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 185 बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फार्म वितरित कर चुके हैं और अब उन्हें भरवाकर जमा कराने का कार्य किया जा रहा है। नागरिक चाहें तो अपने एन्यूमरेशन फार्म ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के 1 लाख 72 हजार 247 मतदाताओं को एन्यूमरेशन फार्म वितरित किए जा चुके हैं, इनमें से अब तक 84 हजार 825 मतदाताओं के फार्मों का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि अभियान को 14 जुलाई तक पूरा किया जाना है, इसलिए जनप्रतिनिधियों और बीएलए का सहयोग बेहद जरूरी है।