कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में नॉन-टीचिंग पद पर कार्यरत अधिकारी को पीजी विद्यार्थियों को पढ़ाने की अनुमति देने का मामला तूल पकड़ने लगा है। अधिवक्ता जतिन भारद्वाज ने 18 नवंबर को राज्यपाल को शिकायत भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने अधिकारी की नियुक्ति, शैक्षणिक योग्यता और शिक्षण की अनुमति देने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
शिकायत के अनुसार, अधिकारी की नियुक्ति गैर-शैक्षणिक पद पर सहायक निदेशक के रूप में हुई थी। इसके बावजूद उन्हें हिंदी विभाग में स्नातकोत्तर कक्षाएं लेने की अनुमति दी गई। भारद्वाज ने इस संबंध में विश्वविद्यालय के सेवा नियमों और वैधानिक प्रावधानों की जानकारी मांगी है। उन्होंने कुलपति की मंजूरी और रजिस्ट्रार कार्यालय की भूमिका की जांच की मांग की है। भारद्वाज ने कहा कि कार्रवाई नहीं हुई तो न्यायालय जाएंगे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नागपुर स्थित मुख्यालय में भी मामला उठाएंगे। उधर इस संबंध में केयू के कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल ने कहा कि राज्यपाल को की गई शिकायत उनके संज्ञान में नहीं है, उनके अनुसार, मामले को बेवजह विवाद का रूप दिया जा रहा है।