कुरुक्षेत्र। मृतक सतीश कुमार। फाइल फोटो
लाडवा। बैडचपुर पेट्रोल पंप के पास हुए सड़क हादसे में करनाल जिले के गांव बीड़ रेतरखाना निवासी ठेकेदार सतीश कुमार की मौत हो गई जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। वे तीनों बाइक पर सवार होकर गांव भादसों से निर्माण कार्य खत्म कर लाडवा जा रहे थे, तभी एक डंपर में उनकी टक्कर हो गई।
हादसे में घायल प्रवीन कुमार निवासी खुर्दबन धनौरा जिला यमुनानगर ने पुलिस को बताया कि वह और उसका साथी अमृत लाल गुरुवार को सतीश कुमार के साथ गांव भादसो में निर्माण कार्य के लिए गए थे। काम समाप्त होने के बाद सतीश दोनों मजदूरों को बाइक पर लाडवा छोड़ने आ रहा था। रात करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच बैडचपुर पेट्रोल पंप के पास आगे चल रहे डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगाकर कट मार दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर डंपर के पीछे जा टकराई।
टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सतीश कुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने डंपर नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।